शहर के 72 सीडी स्कूल के समीप स्थित श्री तेलन पंसेरी बालाजी धाम में आगामी 16 जून से श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह से परिपूर्ण श्रीमद्भागवत कथा, रासलीला एवं नव कुंडीय श्रीराम महायज्ञ का भव्य शुभारंभ होगा। आयोजन की शुरुआत विशाल कलश यात्रा के साथ की जाएगी, जिसमें 1100 से अधिक महिलाएं कलश धारण कर धर्ममय वातावरण का सृजन करेंगी।

आयोजन समिति के अनुसार कलश यात्रा 16 जून को प्रातः 7:30 बजे श्री गोपालजी के कुंड, भैरू दरवाजा के पास विधिवत पूजा-अर्चना के बाद रवाना होगी। भगवान के जयकारों और पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित महिलाओं की सहभागिता के साथ यात्रा मुख्य बाजार एवं पुलिस चौकी मार्ग से होते हुए कथा स्थल पहुंचेगी।

कथा महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर वृंदावन धाम के श्रीमद्भागवत के परम रसिक कथा व्यास आचार्य पंडित गोविंद देव बृजवासी व्यासपीठ ग्रहण कर श्रीमद्भागवत महापुराण का मंगलाचरण करेंगे। आयोजन समिति से जुड़े पुरुषोत्तम गर्ग, सुदर्शन भारद्वाज, हरिप्रसाद गुप्ता, कल्याणचंद गुप्ता एवं राधेश्याम पंसारी ने बताया कि कथा का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा।

इसके साथ ही 17 जून से प्रतिदिन रात्रि 8 बजे श्री राधा विनोद लीला संस्थान, वृंदावन धाम के संस्थापक स्वामी श्रीराम शर्मा एवं संचालक श्री राघव शर्मा के निर्देशन में रासलीला का मंचन होगा। धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

श्री तेलन पंसारी बालाजी महाराज की असीम कृपा से श्री शिव परिवार एवं जय श्रीराम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा तथा नव कुंडीय श्रीराम महायज्ञ का आयोजन भी 16 जून से 23 जून तक किया जाएगा। यह आयोजन श्री श्री 1008 महंत रामचरण दास जी महाराज, जती धाम तथा श्री श्री 108 महंत रामरतन दास जी महाराज के पावन सानिध्य में प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक संपन्न होगा। महोत्सव का समापन 24 जून को विशाल भंडारे के साथ किया जाएगा।

आयोजन समिति के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा एवं रासलीला के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति, भक्ति और सदाचार का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य एवं स्वयंसेवक विभिन्न व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story