सवाई माधोपुर: टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत हाई रिस्क गांवों में लगेंगे हेल्थ कैंप
जिला कलेक्टर ने किया 100 दिवसीय अभियान का शुभारंभ, गांवों में पोर्टेबल मशीन से होगा एक्स-रे और अन्य स्वास्थ्य परीक्षण।

सवाई माधोपुर के पिपलै गांव में टीबी मुक्त भारत अभियान के दौरान स्थानीय निवासियों को स्वास्थ्य सेवाओं और जांच प्रक्रियाओं की जानकारी देते अधिकारी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा टी.बी. मुक्त भारत 100 दिवसीय अभियान के तहत जिले के हाई रिस्क गांवों में 22 से 28 अप्रैल तक व्यापक हेल्थ कैम्पों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का शुभारम्भ जिला कलक्टर काना राम ने शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बजरिया में किया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में टी.बी. रोग की पहचान और नियंत्रण को नई गति मिली है।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अमित कुमार गोयल ने बताया कि अभियान के अंतर्गत आमजन में टी.बी. रोग की पहचान के लिए पोर्टेबल एक्सरे मशीन के माध्यम से चेस्ट एक्सरे किए जा रहे हैं। इसके साथ ही चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा हिमोग्लोबिन, रेडम ब्लड शुगर, बी.एम.आई. एवं रक्तचाप की जांच भी की जा रही है, ताकि लोगों की समग्र स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया जा सके।
उन्होंने निर्धारित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 23 अप्रैल को बामनवास ब्लॉक की अमावरा तथा सवाई माधोपुर की जीनापुर, 24 अप्रैल को गंगापुर सिटी की वजीरपुर एवं सवाई माधोपुर की पारली, 25 अप्रैल को गंगापुर सिटी की उदेई खुर्द और सवाई माधोपुर की खटुपुरा, 26 अप्रैल को गंगापुर सिटी की श्यारोली तथा सवाई माधोपुर की कुण्डेरा, 27 अप्रैल को गंगापुर सिटी की पिलोदा और सवाई माधोपुर की करमोदा, जबकि 28 अप्रैल को गंगापुर सिटी की सेवा एवं सवाई माधोपुर की लोदीपुरा में हेल्थ कैम्प आयोजित किए जाएंगे।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में इन हेल्थ कैम्पों में पहुंचकर चेस्ट एक्सरे और अन्य स्वास्थ्य जांचों का लाभ उठाएं, ताकि टी.बी. जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान कर उसका उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
यह अभियान न केवल टी.बी. उन्मूलन की दिशा में एक ठोस कदम है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और प्रारंभिक जांच को सशक्त बनाकर जनस्वास्थ्य को नई दिशा देने का प्रयास भी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
