सवाई माधोपुर: टीबी मुक्त अभियान के तहत गांवों में लगेंगे हेल्थ कैम्प
जिले के हाई रिस्क गांवों में 6 से 12 मई तक पोर्टेबल मशीन से डिजिटल एक्सरे और अन्य स्वास्थ्य जांचें निःशुल्क की जाएंगी।

टी.बी. मुक्त भारत 100 दिवसीय अभियान के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के हाई रिस्क गांवों में 6 से 12 मई तक व्यापक स्तर पर हेल्थ कैम्प आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य टी.बी. रोग की समय पर पहचान और आमजन को आवश्यक स्वास्थ्य जांच सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उल्लेखनीय है कि इस 100 दिवसीय विशेष टी.बी. मुक्त अभियान का शुभारंभ 24 मार्च को जिला कलक्टर काना राम द्वारा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बजरिया से किया गया था। अभियान के तहत जिला स्तर पर लगातार स्वास्थ्य गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अमित कुमार गोयल ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत पोर्टेबल एक्सरे मशीन के माध्यम से लोगों के चेस्ट एक्सरे किए जा रहे हैं, जिससे टी.बी. रोग की शीघ्र पहचान सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही हिमोग्लोबिन, रैंडम ब्लड शुगर, बी.एम.आई. एवं रक्तचाप की जांच भी चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा की जा रही है, ताकि समग्र स्वास्थ्य स्थिति का आकलन किया जा सके।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 6 मई को बामनवास ब्लॉक की बिचपुरी तथा सवाई माधोपुर की नींदडदा में कैम्प लगाए जाएंगे। 7 मई को बामनवास की सांचोली और खण्डार की जालपा खेड़ी, 8 मई को बामनवास की भांवरा और खण्डार की बलवनखुर्द, 9 मई को बामनवास की सुकार और खण्डार की बांगडदा कलां, 10 मई को बामनवास की खेड़ली और खण्डार की तलावड़ा, 11 मई को बामनवास की बैराड़ा और खण्डार कस्बा, तथा 12 मई को मलारना डूंगर की बाड़ पीलवा और खण्डार की सांवलपुर में हेल्थ कैम्प आयोजित किए जाएंगे।
जिला क्षय रोग अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में हेल्थ कैम्पों में पहुंचकर चेस्ट एक्सरे सहित अन्य स्वास्थ्य जांचों का लाभ उठाएं, ताकि टी.बी. रोग की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा सके। यह अभियान जिले में टी.बी. उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
