सवाई माधोपुर, 24 दिसम्बर। प्रधानमंत्री टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत सवाई माधोपुर जिले में टी.बी. रोग की समय पर पहचान और प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया है। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 29 दिसम्बर से विशेष जांच शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से ग्रामीणों को निःशुल्क टी.बी. जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अमित गोयल ने बताया कि इन शिविरों में पोर्टेबल डिजिटल एक्सरे मशीन के माध्यम से लोगों की छाती का परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक लगातार खांसी, रात में पसीने के साथ बुखार, बलगम में खून आना, वजन कम होना या लगातार कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो वे टी.बी. के संभावित रोगी हो सकते हैं। ऐसे सभी लोग नजदीकी शिविर में पहुंचकर अपनी जांच अवश्य कराएं।

डॉ. अमित गोयल ने यह भी स्पष्ट किया कि टी.बी. एक पूरी तरह से उपचार योग्य रोग है और समय पर जांच और इलाज से इसे जड़ से समाप्त किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य है कि जिले का कोई भी व्यक्ति टी.बी. जांच और उपचार से वंचित न रहे।

उपखण्ड बौंली में आयोजित होने वाले शिविरों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 29 दिसम्बर को लाखनपुर, गोल, गोठड़ा और गूगडोद में, 30 दिसम्बर को हथडोली, हिंदपुरा, जटावती और बहनोली में, 31 दिसम्बर को बागडोल, नीमोद राठोद, गुडलाचंदन और मांगरोल में, 1 जनवरी को कोलाडा, थडोली, बंदावल, शिशोलाव और जयलालपुरा में, 2 जनवरी को गंगवाड़ा, बांस टोरडा और रवासा में तथा 3 जनवरी को बड़ागांव सरवर, रसूलपुरा और चांदा की झोपड़ी में शिविर आयोजित किए जाएंगे। अंत में, 5 जनवरी को हरसोता, सोतोली, मामडोली, गाडोता, देवता और पूनेता में टी.बी. रोग की पहचान हेतु जांच शिविरों का आयोजन किया जाएगा। सभी शिविर प्रातः 9 बजे से शुरू होंगे।

इस पहल के माध्यम से जिला स्वास्थ्य विभाग यह सुनिश्चित करना चाहता है कि टी.बी. की प्रारंभिक पहचान हो और रोगियों को समय पर उपचार मिल सके, जिससे सवाई माधोपुर जिले में टी.बी. मुक्त समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा सकें।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story