युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र के स्वयंसेवकों ने जिला कलक्टर काना राम के मार्गदर्शन में स्वच्छता पखवाड़े के तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता श्रमदान, जागरूकता संगोष्ठी, दीवार पेंटिंग, चित्रकला प्रतियोगिता, शपथ ग्रहण और विधिक सेवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

इसी कड़ी में शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह स्मारक पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित आकर्षक चित्र बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में दीपेश वर्मा ने प्रथम, मस्तराम मीना ने द्वितीय तथा वंशिका एवं अनामिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, टी-शर्ट और मेडल देकर सम्मानित किया गया।

इसी तरह माय भारत युवा मंडल बहतेड़ के अध्यक्ष शिफाअत खान के नेतृत्व में मलारना डूंगर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य युवाओं में पर्यावरण संरक्षण, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता विकसित करना था। कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षाविद जितेंद्र गोयल द्वारा दिलाई गई स्वच्छता शपथ से हुई। उपस्थित युवाओं और स्वयंसेवकों ने सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इसके साथ युवाओं ने वृक्षारोपण भी किया।

कार्यक्रम में आयोजित संगोष्ठी में स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन की आदत और जिम्मेदारी बनाने पर जोर दिया गया। इसके बाद स्वयंसेवकों एवं युवाओं ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मलारना डूंगर परिसर में स्वच्छता श्रमदान किया। प्रतिभागियों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता और राष्ट्र सेवा का संदेश दिया। इस अवसर पर गवर्नमेंट कॉलेज मलारना डूंगर के प्रोफेसर हैदर सैफुल्लाह एवं अखिल सिंह मौजूद रहे। स्वयंसेवकों ने स्वच्छता जागरूकता से संबंधित दीवार पेंटिंग भी बनाई। इसके साथ पैरा लीगल वालंटियर ने विधिक सेवा जागरूकता को लेकर मार्गदर्शन दिया।

इसी तरह माय भारत के स्वयंसेवकों ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बहरावंडा खुर्द में भी स्वच्छता जागरूकता एवं श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया। स्वामी विवेकानंद युवा मंडल के अध्यक्ष अनुभव सेन एवं शिक्षाविद हितेन्द्र जैन के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में स्वयंसेवकों और युवाओं ने विद्यालय परिसर में स्वच्छता श्रमदान किया। प्रतिभागियों ने परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता, विधिक सेवा और राष्ट्र सेवा का संदेश दिया।

मेरा युवा भारत के इन कार्यक्रमों के माध्यम से गांव-गांव और ढाणी-ढाणी युवाओं को स्वच्छता में जनभागीदारी एवं सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया गया।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story