सवाई माधोपुर अस्पताल में स्थाई लोक अदालत शिविर, मरीजों को मिली कानूनी जानकारी
सवाई माधोपुर राजकीय सामान्य चिकित्सालय में स्थाई लोक अदालत जागरूकता शिविर आयोजित हुआ, जहां कानूनी प्रक्रिया और सेवाओं की जानकारी दी गई।

तस्वीर में सवाई माधोपुर के राजकीय सामान्य चिकित्सालय में आयोजित जागरूकता शिविर के दौरान मौजूद लोग और अधिकारी दिखाई दे रहे हैं।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार शनिवार को राजकीय सामान्य चिकित्सालय सवाई माधोपुर में स्थाई लोक अदालत के संबंध में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में स्थाई लोक अदालत की सदस्य जूली खंडेलवाल ने चिकित्सालय कार्मिकों एवं मरीजो के परिजनों को स्थाई लोक अदालत की कार्यप्रणाली, अधिकार क्षेत्र और इसके माध्यम से विवादों के त्वरित एवं सुलभ निस्तारण की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्थाई लोक अदालत का उद्देश्य जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों का आपसी समझौते एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निस्तारण करना है, जिससे पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिल सके।
जूली खंडेलवाल ने बताया कि स्थाई लोक अदालत में परिवहन, डाक, दूरसंचार, विद्युत, जलापूर्ति, स्वच्छता, चिकित्सीय सेवाएं, बीमा तथा अन्य जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित विवादों का निस्तारण किया जाता है। उन्होंने कहा कि यदि किसी विवाद में समझौता नहीं हो पाता है तो स्थाई लोक अदालत को मामले में गुण-दोष के आधार पर निर्णय देने का भी अधिकार प्राप्त है।
उन्होंने उपस्थित लोगों को बताया कि स्थाई लोक अदालत में प्रकरणों का निस्तारण अपेक्षाकृत कम समय में, सरल प्रक्रिया के माध्यम से तथा कम खर्च में किया जाता है। इसके साथ ही इसके निर्णय संबंधित पक्षकारों पर बाध्यकारी होते हैं।
शिविर के दौरान स्थाई लोक अदालत की सदस्य जूली खंडेलवाल ने चिकित्सालय कार्मिकों एवं मरीजो के परिजनों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान किया तथा उन्हें विधिक सेवाओं एवं न्याय तक सरल पहुंच के संबंध में जानकारी दी।
इस अवसर पर मनोचिकित्सक डॉक्टर गौरव चंद्रवंशी द्वारा नालसा डॉन योजना 2025 के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। स्थाई लोक अदालत को लेकर आयोजित इस जागरूकता शिविर के माध्यम से उपस्थित लोगों को जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों के समाधान और विधिक सहायता की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
