विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 : लोकतंत्र के महापर्व की तैयारी, 1 लाख से अधिक बूथ लेवल एजेंटों की भागीदारी से शुरू हुआ मतदाता सूची सुधार अभियान
राजस्थान में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 की शुरुआत हो चुकी है। राज्य के 199 विधानसभा क्षेत्रों में 52,222 बीएलओ और 1,00,735 बूथ लेवल एजेंट मतदाता सूची के सुधार एवं अद्यतन कार्य में जुटे हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे 4 दिसंबर तक गणना प्रपत्र जमा कर लोकतंत्र को सशक्त बनाएं।

जयपुर/सवाई माधोपुर, 4 नवंबर।
राजस्थान में लोकतंत्र के आधार स्तंभ — मतदाता सूची — को और अधिक सटीक एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में मंगलवार से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (Special Intensive Revision - SIR) 2026 की शुरुआत हो गई है। राज्य के 199 विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे इस महाअभियान के तहत 52,222 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य कर रहे हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन ने बताया कि अंता विधानसभा क्षेत्र को छोड़कर राज्य के सभी 52,222 बूथों पर पुनरीक्षण प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इस कार्य में 5,407 सुपरवाइजर, 854 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा हाल ही में नियुक्त 119 अतिरिक्त सहायक अधिकारी पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं। इस प्रकार राज्य में कुल 973 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 199 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 41 उप जिला निर्वाचन अधिकारी, 10 अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं 41 जिला निर्वाचन अधिकारी सहित पूरा प्रशासनिक तंत्र इस कार्यक्रम को समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से पूर्ण करने के लिए समर्पित है।
महाजन ने बताया कि मतदाताओं की सहायता के लिए प्रत्येक बूथ पर वॉलन्टीयर्स और हेल्पडेस्क कर्मी भी नियुक्त किए गए हैं। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, राजीविका सखी, एएनएम, साक्षरता प्रेरक, ग्राम पंचायत कर्मी, एनएसएस एवं एनसीसी से जुड़े विद्यार्थी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इनके लिए आमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि वे मतदाताओं की मैपिंग, बीएलओ विजिट की सूचना देने एवं गणना प्रपत्र भरवाने में प्रभावी सहयोग दे सकें।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम में राजनीतिक दलों का भी उल्लेखनीय सहयोग मिल रहा है। सभी मान्यता प्राप्त दलों ने अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA-1 और BLA-2) नियुक्त किए हैं, जो मतदाता जागरूकता एवं सूची सुधार कार्य में बीएलओ का साथ दे रहे हैं। अब तक प्रदेश में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 51,193, भारतीय जनता पार्टी के 47,555, बहुजन समाज पार्टी के 104, सीपीआईएम के 675, आम आदमी पार्टी के 91, आरएलपी के 110 और भारत आदिवासी पार्टी के 1,007 एजेंटों सहित कुल 1,00,735 बूथ लेवल एजेंटों की नियुक्ति की जा चुकी है। इन एजेंटों के माध्यम से मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
महाजन ने प्रदेश के मतदाताओं से अपील की है कि वे 4 दिसंबर तक अपनी नवीनतम रंगीन फोटो एवं आवश्यक सूचनाओं के साथ भरा हुआ गणना प्रपत्र अपने संबंधित बीएलओ को अवश्य जमा कराएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं अद्यतन मतदाता सूची लोकतंत्र की मजबूती का आधार है, और हर मतदाता का योगदान इस दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है।
- "विशेष गहन पुनरीक्षण 2026मतदाता सूची राजस्थानBooth Level Officer Rajasthanनिर्वाचन आयोग राजस्थाननवीन महाजनVoter List Revision Rajasthanबीएलओबूथ लेवल एजेंटElection Commission of India RajasthanRajasthan SIR 2026मतदाता पुनरीक्षण अभियानजयपुर चुनाव समाचारSawai Madhopur Election UpdateRajasthan Chief Electoral OfficerRajasthan Voter Awareness Campaign"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
