जयपुर/सवाई माधोपुर, 3 नवंबर।

राजस्थान सहित बारह राज्यों में मंगलवार से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (Special Intensive Revision - SIR 2026) की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस अभियान के अंतर्गत राज्यभर में बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि 4 नवंबर 2025 से 4 दिसंबर 2025 तक चलने वाला यह चरण आगामी चुनावी व्यवस्थाओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहेगा।

श्री महाजन ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान मतदाता सूची के अनुसार कुल 5 करोड़ 48 लाख 84 हजार 827 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 2.84 करोड़ पुरुष, 2.65 करोड़ महिलाएं और 681 अन्य मतदाता शामिल हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण के अंतर्गत इन सभी मतदाताओं की सूचनाओं का सत्यापन किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस बार गणना प्रपत्र (Enumeration Form) को काफी सरल और सुलभ बनाया गया है। अब यह केवल एक पृष्ठ का होगा, जिसमें मतदाता का नाम, ईपिक नंबर, पता, भाग संख्या और क्रमांक जैसी सूचनाएं पहले से भरी होंगी। साथ ही, मतदाता की तस्वीर भी उसी प्रपत्र पर मुद्रित होगी। बीएलओ प्रत्येक मतदाता को यह प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे और उसे भरने में सहयोग भी करेंगे। मतदाता को केवल जन्म तिथि, आधार संख्या (वैकल्पिक), माता-पिता या अभिभावक का नाम, मोबाइल नंबर और नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो जोड़नी होगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस प्रक्रिया में वंशावली मानचित्रण (Family Mapping) को भी जोड़ा गया है। यदि किसी मतदाता का नाम पिछले एसआईआर में नहीं है, लेकिन उसके माता-पिता या दादा-दादी का नाम सूची में दर्ज है, तो उनके विवरण के माध्यम से संबंध का सत्यापन कर मैपिंग की जाएगी। इससे अधिकांश मतदाताओं को दस्तावेज जमा कराने की आवश्यकता नहीं होगी। वर्तमान में राज्य के 40 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं में से 83 प्रतिशत और 40 वर्ष से कम आयु के मतदाताओं में से 50 प्रतिशत की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। कुल मिलाकर अब तक 65.3 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग का कार्य BLO App पर किया जा चुका है।

निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी मतदाता सूचियां भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in

तथा राजस्थान मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट https://election.rajasthan.gov.in

पर उपलब्ध हैं।

महाजन ने बताया कि बीएलओ घर-घर जाकर दो प्रतियों में आंशिक रूप से भरे गणना प्रपत्र देंगे, मतदाताओं से आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे और भरने के बाद प्रपत्र को एकत्रित कर ECINET ऐप पर अपलोड करेंगे। मतदाता को एक प्रति रसीद के रूप में दी जाएगी। उन्होंने अपील की कि सभी मतदाता 4 दिसंबर 2025 से पहले अपना गणना प्रपत्र नवीनतम फोटो और जानकारी सहित अपने बीएलओ को जमा करवाएं ताकि उनका नाम मतदाता सूची में सही ढंग से दर्ज हो सके।

निर्वाचन विभाग ने सभी बीएलओ के लिए एक विस्तृत एडवायजरी भी जारी की है। इसमें आईडी कार्ड पहनकर कार्य करने, दैनिक प्रगति दर्ज करने, बूथ लेवल एजेंटों से समन्वय बनाए रखने और आईटी हेल्प डेस्क व ईआरओ से आवश्यकता पड़ने पर परामर्श लेने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अंत में कहा कि राज्य के मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया के सशक्त भागीदार हैं। यदि सभी मतदाता निर्धारित अवधि में गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को सौंप दें, तो मतदाता सूची को अद्यतन, सटीक और पारदर्शी बनाने का यह अभियान सफल सिद्ध होगा। शीघ्र ही इसके लिए ऑनलाइन सुविधा भी प्रारंभ की जाएगी, जिससे मतदाता घर बैठे अपने विवरण अपडेट कर सकेंगे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story