सवाई माधोपुर, 31 अक्टूबर। जिले में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया 4 नवम्बर से शुरू हो रही है। यह कदम जिले के 10,54,343 मतदाताओं की सूचियों को त्रुटिरहित बनाने और हर पात्र नागरिक को मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से उठाया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि इस प्रक्रिया के तहत बीएलओ (बूथ स्तरीय अधिकारी) घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता को गणना प्रपत्र (EF) उपलब्ध कराएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बीएलओ गणना प्रपत्र वितरण का कार्य 4 नवम्बर से 4 दिसम्बर तक आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायती राज एवं शहरी निकायों के कार्मिकों और राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय अभिकर्ताओं (BLA) के सहयोग से करेंगे। प्रपत्र में पहले से मतदाता का नाम, पता, विधानसभा क्षेत्र, और भाग संख्या जैसी जानकारी छपी होगी। शेष विवरण बीएलओ मतदाता या उसके घर के किसी वयस्क सदस्य से पूछकर दर्ज करेंगे। प्रपत्र में मतदाता की पुरानी फोटो भी होगी, जिसे मतदाता अपनी नवीनतम फोटो से अपडेट करेंगे और हस्ताक्षर द्वारा सत्यापित करेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान किसी भी दस्तावेज की मांग नहीं की जाएगी। प्रपत्र जमा होने के बाद वर्ष 2002 की मतदाता सूची के आधार पर विवरण का मिलान किया जाएगा और 9 दिसम्बर को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। जिन मतदाताओं के नाम प्रारूप सूची में नहीं होंगे, उनके कारण के साथ जानकारी बीएलओ, पंचायत मुख्यालय और निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर सार्वजनिक की जाएगी। इसके बाद मतदाताओं से दावे और आपत्तियां मांगी जाएंगी, और आवश्यक होने पर दस्तावेजों के माध्यम से मिलान किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूचियां 9 फरवरी को जारी की जाएंगी।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया से अपील की कि वे मतदाताओं को जागरूक करें और भ्रामक जानकारी न फैलाएं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन प्रपत्र जमा करने का विकल्प भी उपलब्ध है, जिससे दूर रहने वाले मतदाता भी अपने विवरण स्वयं सत्यापित कर सकते हैं। साथ ही उन्होंने जोर दिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से छूटे नहीं और कोई अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो।

सवाई माधोपुर में मतदान केन्द्रों की संख्या बढ़कर 1,164 हो जाएगी, जिससे प्रत्येक केन्द्र पर मतदाताओं की संख्या 1,200 तक सीमित रहेगी। यह निर्णय मतदाता सुविधा और प्रक्रिया की पारदर्शिता को सुनिश्चित करने के लिए लिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि एसआईआर प्रक्रिया से मतदाता सूची की विश्वसनीयता और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी, जिससे हर नागरिक अपने मताधिकार का स्वतंत्र और सुरक्षित रूप से प्रयोग कर सकेगा।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story