सवाई माधोपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में तेजी, तीन दिनों में 1 लाख से अधिक मतदाता परिगणना प्रपत्र वितरित
सवाई माधोपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR-2026) के तहत तीन दिनों में 1 लाख से अधिक मतदाता परिगणना प्रपत्र वितरित किए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने बीएलओ और मतदाताओं के साथ संवाद कर प्रक्रिया की समीक्षा की और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की अपील की।

सवाई माधोपुर, 6 नवंबर। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR-2026) को गति देने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से परिगणना प्रपत्र भरवाने का कार्य 4 दिसंबर तक पूरा करेंगे। अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने गुरुवार को सवाई माधोपुर विधानसभा क्षेत्र के हिम्मतपुरा, कुण्डेरा, माधोसिंहपुरा और नयापुरा सहित विभिन्न बूथों का मैदान स्तर पर निरीक्षण किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान प्रत्यक्ष फीडबैक लिया और मतदाताओं से अपील की कि वे बीएलओ के सहयोग से परिगणना प्रपत्र समय पर भरें। काना राम ने कहा, “हर मतदाता को सही और अद्यतन जानकारी देना लोकतंत्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। बीएलओ घर-घर जाकर परिगणना प्रपत्र भरवाएं ताकि नाम जोड़ने, संशोधन और विलोपन की प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न हो सके।”
अधिकारियों ने संबंधित बीएलओ के साथ मतदाताओं से संवाद किया और उन्हें फॉर्म भरने, रंगीन फोटो उपलब्ध कराने तथा परिवार के मुखिया एवं सदस्यों द्वारा जानकारी सही-सही अंकित करने के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सवाई माधोपुर विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 169 के बीएलओ मोइनुद्दीन खान द्वारा परिगणना प्रपत्र वितरण कार्य में लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी तरह, कुण्डेरा भाग संख्या 129 के बीएलओ हेमराज गर्ग और भाग संख्या 132 के बीएलओ मोहम्मद वारिस को भी कारण बताओं नोटिस दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिले में मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में तेजी आई है। कुल 10,54,343 मतदाताओं में से मात्र तीन दिनों में ही 1,01,960 मतदाताओं को परिगणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। विधानसभा क्षेत्र गंगापुर में 25,754, बामनवास में 26,376, सवाई माधोपुर में 22,849 और खण्डार क्षेत्र में 26,981 मतदाताओं को प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इस प्रकार, जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 10 प्रतिशत मतदाताओं तक यह प्रक्रिया पहुँच चुकी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी एईआरओ और बीएलओ फील्ड में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं की जानकारी पूर्व विशेष पुनरीक्षण से मिलान हो जाएगी, उन्हें किसी अतिरिक्त दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी। सभी बीएलओ को निर्देशित किया गया है कि वे अपने पहचान पत्र अनिवार्य रूप से धारण करें और हेल्प डेस्क के माध्यम से आम जनता को संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराएं।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे बीएलओ के सहयोग से अपने परिगणना प्रपत्र समय पर भरें और मतदाता सूची के अद्यतन कार्य में सक्रिय भूमिका निभाएं। इससे आगामी चुनावों में सटीक और पारदर्शी मतदाता सूची तैयार हो सकेगी, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाएगी।
- सवाई माधोपुर मतदाताSIR-2026विशेष गहन पुनरीक्षणमतदाता सूची अद्यतनपरिगणना प्रपत्रजिला निर्वाचन अधिकारी काना रामबीएलओमतदाता फॉर्म वितरणविधानसभा क्षेत्र गंगापुरबामनवासखण्डारलोकतंत्रचुनाव तैयारीमतदाता सूचीRajasthan voter listvoter form distributionBLO inspectionelectoral roll updateSIR-2026 campaignSawai Madhopur electiontransparency in voting

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
