सवाई माधोपुर के विजयेश्वर महादेव मंदिर में मनेगा सोमनाथ स्वाभिमान पर्व
आक्रमण के 1000 वर्ष और मंदिर पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ पर कला एवं संस्कृति विभाग द्वारा विशेष संगोष्ठी और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।

सवाई माधोपुर स्थित श्री विजयेश्वर महादेव मंदिर जहाँ 11 मई को सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक महत्व और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा।
कला, साहित्य, संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग, राजस्थान सरकार के तत्वावधान में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का आयोजन 11 मई 2026 (सोमवार) को किया जाएगा। यह आयोजन ईस्वी 1026 में हुए सोमनाथ मंदिर पर आक्रमण के एक हजार वर्ष पूर्ण होने तथा स्वतंत्रता के पश्चात वर्ष 1951 में पुनर्निर्मित सोमनाथ मंदिर के पुनः उद्घाटन के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
पर्यटन विभाग के उप निदेशक मधुसूदन सिंह ने बताया कि गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में आयोजित राष्ट्रीय शिखर कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 9 बजे से पूजन, रुद्राभिषेक एवं श्रृंगार कार्यक्रम संपन्न होंगे। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन का सीधा प्रसारण टेलीविजन माध्यम से किया जाएगा, जिससे देशभर के श्रद्धालु इसमें सहभागी बन सकेंगे।
जिला स्तरीय आयोजन सवाई माधोपुर स्थित पंजीकृत प्रन्यास मंदिर श्री विजयेश्वर महादेव जी में किया जाएगा। इस अवसर पर द्वादश ज्योतिर्लिंगों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की जाएगी तथा “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व : अखंड आस्था के 1000 वर्ष” विषय पर परिचर्चा एवं संगोष्ठी आयोजित होगी। साथ ही भजन-गायन, सामूहिक महाआरती एवं प्रसाद वितरण जैसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी संपन्न होंगे।
यह आयोजन ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक चेतना के पुनर्स्मरण के रूप में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जो जनमानस में भारतीय आध्यात्मिक परंपरा के प्रति जागरूकता को और अधिक सुदृढ़ करेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
