राजस्थान के करौली जिले स्थित श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन ने भारतीय रेलवे के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नवीनीकृत यह स्टेशन अब देश का पहला ऐसा रेलवे स्टेशन बन गया है, जहाँ जैन तीर्थंकर भगवान 1008 महावीर स्वामी की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। स्टेशन को “अहिंसा का प्रवेश द्वार” के रूप में विकसित किया गया है, जहाँ आधुनिक सुविधाओं के साथ जैन संस्कृति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम दिखाई देता है।

स्टेशन परिसर के मुख्य गोल सर्कल में बंसी पहाड़पुर के गुलाबी पत्थरों से निर्मित कलात्मक छतरी के भीतर भगवान महावीर की साढ़े तीन फीट ऊंची और 1400 किलो वजनी पद्मासन प्रतिमा स्थापित की गई है। कमलासन पर विराजमान इस प्रतिमा में आचार्य श्री विशुद्ध सागर जी महाराज द्वारा अभिमंत्रित यंत्र भी स्थापित किया गया है, जिसने इसकी आध्यात्मिक महत्ता को और बढ़ा दिया है। प्रतिमा की दिव्यता और स्थापत्य कला यात्रियों तथा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गई है।

पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के अंतर्गत आने वाले श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन को जैन स्थापत्य शैली में विकसित किया गया है। स्टेशन परिसर में अहिंसा, शांति और “जियो और जीने दो” का संदेश हर ओर दिखाई देता है। रेलवे प्रशासन ने स्टेशन के स्वरूप को तीर्थ क्षेत्र की गरिमा के अनुरूप तैयार किया है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को स्टेशन पर उतरते ही धार्मिक वातावरण का अनुभव हो सके।

इस ऐतिहासिक परियोजना को साकार करने में रेलवे के एक्सईएन अनिल जैन, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी के अध्यक्ष नरेंद्र जैन नृपत्या, जैन वास्तुविद राजकुमार जैन कोठ्यारी, मूर्तिकार संतोष शर्मा, अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी कमेटी तथा दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी का विशेष सहयोग रहा। दिगंबर जैन सोशल ग्रुप के अध्यक्ष नरेंद्र जैन ने कहा कि प्रतिमा की दिव्यता प्रत्येक श्रद्धालु को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करती है।

श्री महावीरजी अतिशय क्षेत्र कमेटी और सकल जैन समाज ने इस ऐतिहासिक कार्य के लिए प्रधानमंत्री Narendra Modi तथा रेल मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया है। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही सकारात्मक और शांतिपूर्ण वातावरण का अनुभव होता है।

रेलवे स्टेशन के इस नए स्वरूप से धार्मिक पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। अब देश-विदेश से आने वाले जैन श्रद्धालुओं को तीर्थ क्षेत्र की दिव्यता का अनुभव स्टेशन पहुंचते ही मिलेगा। श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन की यह पहल देश के अन्य धार्मिक स्थलों के रेलवे स्टेशनों के लिए भी प्रेरणा मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story