श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन पर विराजे भगवान महावीर, देश का पहला ऐसा स्टेशन बना जहां स्थापित हुई जैन तीर्थंकर की प्रतिमा
अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन ने रचा इतिहास। देश में पहली बार किसी रेलवे स्टेशन परिसर में भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा स्थापित हुई, जिससे तीर्थ और पर्यटन को नई पहचान मिली।

श्री महावीर जी अतिशय क्षेत्र परिसर में शुक्रवार को अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल (दाएं से तीसरे) और कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा रेलवे स्टेशन परिसर में स्थापित भगवान महावीर की प्रतिमा के पोस्टर का विमोचन किया गया।
भारतीय रेलवे के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। रेल मंत्रालय की महत्वाकांक्षी ‘अमृत भारत स्टेशन स्कीम’ के तहत विकसित किए जा रहे श्री महावीर जी रेलवे स्टेशन ने देशभर में एक विशिष्ट पहचान हासिल की है। यह भारत का पहला रेलवे स्टेशन बन गया है, जिसके परिसर में जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी की प्रतिमा स्थापित की गई है।
शुक्रवार को श्री दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र श्री महावीर जी परिसर में आयोजित एक संक्षिप्त समारोह के दौरान भगवान महावीर की प्रतिमा एवं उसके लिए निर्मित कलात्मक छतरी के पोस्टर का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में अतिशय क्षेत्र के अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल ने कार्यकारिणी सदस्यों की उपस्थिति में पोस्टर का अनावरण किया।
रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के समीप बने सर्कल में बंसी पहाड़पुर के लाल पत्थरों से तैयार भव्य एवं कलात्मक छतरी का निर्माण कराया गया है। इसी छतरी के भीतर ब्रांज मेटल से निर्मित भगवान महावीर स्वामी की ध्यानस्थ मुद्रा में प्रतिमा स्थापित की गई है। अधिकारियों के अनुसार रेलवे स्टेशन परिसर में किसी भी जैन तीर्थंकर की यह देश की पहली प्रतिमा है, जो इस स्टेशन को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान प्रदान करती है।
कार्यक्रम में महामंत्री उमराव सिंघवी, पूर्व महामंत्री सुभाष जैन जौहरी, संयुक्त मंत्री पीके जैन, कार्यकारिणी सदस्य रूपम काला, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी के अध्यक्ष नरेंद्र जैन नृपत्या, रीजन उपाध्यक्ष विमल जैन गोधा, कोषाध्यक्ष सुभाष सोगानी, जनसंपर्क अधिकारी पं. मुकेश जैन मधुर, प्रशासनिक अधिकारी कर्नल विष्णु सिकरवाल तथा विकास अधिकारी विकास पाटनी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अध्यक्ष सुधांशु कासलीवाल ने कहा कि यह प्रतिमा केवल जैन समाज ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर का “जियो और जीने दो” का शाश्वत संदेश अब रेल मार्ग से यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों तक पहुंचेगा। उन्होंने प्रतिमा स्थापना एवं निर्माण कार्य में महत्वपूर्ण सहयोग देने वाले दिगंबर जैन सोशल ग्रुप गंगापुर सिटी के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए भारत सरकार और रेल मंत्रालय के प्रति भी कृतज्ञता जताई।
समारोह के दौरान समिति द्वारा अधीनस्थ कर्मचारियों को प्रतिमा एवं सर्कल क्षेत्र की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही इस अनूठी पहल की जानकारी अधिकाधिक श्रद्धालुओं और पर्यटकों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
उल्लेखनीय है कि श्री महावीर जी जैन धर्म का एक प्रमुख और विश्वप्रसिद्ध तीर्थ स्थल है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। रेलवे स्टेशन परिसर में भगवान महावीर की प्रतिमा की स्थापना न केवल तीर्थयात्रियों की आस्था को नई ऊर्जा प्रदान करेगी, बल्कि धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान के दृष्टिकोण से भी इस क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
