शिवाला: युवाओं ने मोक्षधाम में चलाया स्वच्छता व पौधारोपण अभियान
ग्रामीणों और पीलौदा थाना अधिकारी की मौजूदगी में परिसर की सफाई कर पौधे लगाए गए तथा नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया।

तस्वीर में पुलिस अधिकारी और ग्रामीण खुले मैदान में पौधा लगाते हुए दिख रहे हैं।
शिवाला। गांव के मोक्षधाम को स्वच्छ, सुंदर एवं हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से शनिवार को ग्रामीण युवाओं ने श्रमदान अभियान चलाया। अभियान के दौरान युवाओं एवं ग्रामीणों ने मोक्षधाम परिसर की साफ-सफाई के साथ समतलीकरण का कार्य किया। इसके बाद परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
सुबह से ही बड़ी संख्या में युवा एवं किशोर मोक्षधाम पहुंचे और उत्साह के साथ श्रमदान में जुट गए। युवाओं ने परिसर को व्यवस्थित करने के साथ पौधारोपण किया। साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान पीलौदा थाना अधिकारी श्री सीताराम जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने युवाओं द्वारा किए जा रहे श्रमदान एवं पर्यावरण संरक्षण के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ एवं हरा-भरा रखने के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आना चाहिए। उन्होंने युवाओं की इस पहल को सराहनीय बताते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार प्रयास करने की बात कही।
ग्राम संसद शिवाला के अध्यक्ष सुबह सिंह सैमाड़ा ने कहा कि गांव के विकास एवं जनहित के कार्यों में युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। मोक्षधाम में पहले समतलीकरण और अब वृक्षारोपण का कार्य इसी सामूहिक प्रयास का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि लगाए गए पौधों की देखभाल भी सामूहिक रूप से की जाएगी तथा गांव के विकास और पर्यावरण संरक्षण के कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।
इस दौरान शुभम शर्मा, भानु प्रताप, रवि, धनकेश, जोखराम, राजेंद्र जैन, राहुल जैन, दिलीप, अजय, अशोक, धर्म सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं युवा साथी मौजूद रहे। युवाओं के सामूहिक प्रयास से मोक्षधाम को स्वच्छ, सुंदर एवं हरा-भरा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
