प्रभारी सचिव शिवांगी स्वर्णकार ने ली समीक्षा बैठक, दिए निर्देश
पानी, बिजली और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान "वंदे गंगा" जल संरक्षण अभियान और बजट घोषणाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारी और प्रेस वार्ता को संबोधित करते जनप्रतिनिधि।
जिले में जलापूर्ति, बिजली, स्वास्थ्य सेवाओं, बजट घोषणाओं और “वंदे गंगा” जल संरक्षण जन अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में प्रभारी सचिव शिवांगी स्वर्णकार ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया। बैठक में जिला कलक्टर काना राम, उप वन संरक्षक मानस सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में ग्रीष्मकालीन पेयजल व्यवस्था और समर कंटीजेंसी प्लान की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को आमजन को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधीक्षण अभियंता बी.एस. मीणा ने बताया कि जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में समर कंटीजेंसी के तहत स्वीकृत कार्य प्रगति पर हैं। उन्होंने जानकारी दी कि हैंडपंप मरम्मत अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में 930 से अधिक तथा शहरी क्षेत्रों में 100 से अधिक खराब हैंडपंपों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया गया है।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूर्ण हो चुकी सभी जल जीवन परियोजनाओं का 26 मई को आयोजित होने वाली ग्राम सभाओं के दौरान सत्यापन कराया जाए ताकि योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
बैठक में वर्ष 2024-25 और 2025-26 की बजट घोषणाओं की विभागवार समीक्षा भी की गई। प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि जिन घोषणाओं पर कार्य प्रगति पर है उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए तथा लंबित प्रस्तावों पर तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
“वंदे गंगा” जल संरक्षण जन अभियान को लेकर भी बैठक में विस्तृत चर्चा हुई। प्रभारी सचिव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को जनभागीदारी आधारित स्वरूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण, पौधारोपण, श्रमदान और जनजागरूकता गतिविधियों को व्यापक स्तर पर आयोजित करने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 25 मई से 5 जून तक संचालित इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों के माध्यम से निर्धारित मानकों के आधार पर जिलों की रैंकिंग भी की जाएगी। अभियान के दौरान जल संरक्षण कार्यों, श्रमदान गतिविधियों, पौधारोपण, जनभागीदारी और ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज प्रगति के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। प्रभारी सचिव ने संबंधित अधिकारियों को अभियान से जुड़ी गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग और ऑनलाइन एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को हीट वेव, डेंगू, मलेरिया और मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी चिकित्सा संस्थानों में ओआरएस, आवश्यक दवाइयों और उपचार व्यवस्था उपलब्ध रखने के साथ फॉगिंग, एंटी लार्वा गतिविधियों और जनजागरूकता अभियान संचालित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचनी चाहिए।
बैठक में विद्युत विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, कुसुम योजना और आरडीएसएस परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई। प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा किसानों और उपभोक्ताओं को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के दौरान प्रशासनिक सक्रियता और योजनाओं की जमीनी मॉनिटरिंग को लेकर अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
