जिले में संचालित ग्रामीण सेवा शिविर एवं शहरी सेवा शिविर-2026 की प्रगति को लेकर बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। विशिष्ट शासन सचिव, वित्त विभाग एवं जिला प्रभारी सचिव शिवांगी स्वर्णकार ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए शिविरों की कार्यप्रणाली, प्रगति और लंबित प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की।

बैठक के दौरान जिला प्रभारी सचिव ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप सेवा शिविरों का मूल उद्देश्य आमजन को त्वरित राहत उपलब्ध कराना और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्री-कैंप गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों की पहचान समय रहते हो सके और आवेदन प्रक्रिया से लेकर समाधान तक की तैयारी पूर्ण हो।

उन्होंने यह भी कहा कि शिविर दिवस पर जिन मामलों का निस्तारण संभव नहीं हो पाता, उनके लिए नियमानुसार फॉलोअप कैंप के माध्यम से त्वरित और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में उन्होंने राजस्व, पंचायतीराज, नगरीय निकाय, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा एवं अन्य विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए नामांतरण, सीमाज्ञान, पट्टा वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जल निकासी एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।

जिला प्रभारी सचिव शिवांगी स्वर्णकार ने इस बात पर भी जोर दिया कि शिविरों में हुए उत्कृष्ट कार्यों और वर्षों से लंबित प्रकरणों के समाधान से जुड़ी सफलता की कहानियों का व्यवस्थित संकलन कर उन्हें मीडिया के माध्यम से व्यापक रूप से प्रसारित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इन शिविरों से जुड़कर लाभान्वित हो सकें। उन्होंने लाभार्थियों के अनुभवों को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वीकृति पत्र, पट्टों एवं अन्य सुविधाओं के सार्वजनिक वितरण के माध्यम से जनसहभागिता बढ़ाने पर बल दिया।

बैठक में जिला कलक्टर काना राम, अतिरिक्त जिला कलक्टर संजय शर्मा, उपवन संरक्षक सुनील कुमार, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, आयुक्त नगर परिषद दलीप पूनिया सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रशासनिक समन्वय और सेवा वितरण की गति को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story