ग्राम पंचायत शिवाला में आयोजित ग्राम सभा के दौरान विकास कार्यों की अनदेखी को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया। ग्राम संसद शिवाला ने अध्यक्ष सुबह सिंह सैमाड़ा के नेतृत्व में ग्राम विकास अधिकारी ज्योति जांगिड़ को गांव की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण चरणबद्ध जनआंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होंगे। आंदोलन के दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की सम्पूर्ण जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन एवं राजस्थान सरकार की होगी।

ज्ञापन में गांव की प्रमुख समस्याओं के रूप में नालियों का निर्माण, जर्जर सड़कों की मरम्मत, अतिक्रमण हटाने, आंगनबाड़ी भवन के निर्माण, स्वास्थ्य उपकेंद्र की समुचित व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की गई। ग्रामीणों ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर कई बार प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में रोष व्याप्त है।

ग्राम संसद शिवाला के अध्यक्ष सुबह सिंह सैमाड़ा ने कहा कि ग्रामवासियों की समस्याओं को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है। यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो ग्राम संसद ग्रामीणों के सहयोग से लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी।

इस अवसर पर शुभम पण्डित, अशोक गौड़, हेमराज, लाला, टीटू, अशोक मीना, अक्षय, इन्दर सहित दर्जनों युवा एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में गांव के लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। ग्राम सभा में उठे इन मुद्दों ने स्पष्ट कर दिया कि मूलभूत सुविधाओं को लेकर ग्रामीणों का धैर्य अब जवाब देने लगा है और समय रहते समाधान नहीं होने पर आंदोलन की दिशा तय हो सकती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story