नगर परिषद सवाई माधोपुर में 7 से 16 अक्टूबर तक ‘सेवा सेतु अभियान-2026’, वार्डवार शिविरों में होगा त्वरित निस्तारण
सवाई माधोपुर नगर परिषद में 7 से 16 अक्टूबर 2026 तक सेवा सेतु अभियान आयोजित किया जाएगा, जिसमें वार्डवार शिविर लगाकर नागरिकों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जाएगा।

सवाई माधोपुर में आमजन की समस्याओं और लंबित प्रकरणों के त्वरित समाधान के लिए नगर परिषद में 7 से 16 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा सेतु अभियान-2026’ आयोजित किया जाएगा। राज्य सरकार के निर्देशानुसार चलने वाले इस अभियान में वार्डवार शिविर लगाकर विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी और स्थानीय समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जाएगा।
आयुक्त नगर परिषद दलीप पूनिया ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 1 से 60 के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगर परिषद परिसर स्थित अग्निशमन केंद्र पर शिविर आयोजित होंगे। शिविर प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेंगे। विभिन्न विभागों एवं शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी शिविरों में उपस्थित रहकर प्राप्त आवेदनों और समस्याओं का समाधान करेंगे।
अभियान के दौरान स्वच्छता एवं सफाई, स्ट्रीट लाइट, सड़क एवं नाली, अतिक्रमण, भवन निर्माण स्वीकृति, पट्टा एवं भू-उपयोग परिवर्तन, जन्म-मृत्यु पंजीयन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न नागरिक सेवाओं से संबंधित प्रकरणों पर कार्रवाई की जाएगी। पात्र जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवेदन और दस्तावेज संबंधी प्रक्रिया में भी सहयोग किया जाएगा।
नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनियां ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को शिविरों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और प्राप्त प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आवेदनों एवं समस्याओं की नियमित मॉनिटरिंग कर निर्धारित पोर्टल पर प्रगति अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए हैं। अभियान के लिए राजस्व अधिकारी ब्रजेश मीना को नोडल प्रभारी तथा सहायक राजस्व निरीक्षक रितु शर्मा को सह नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
नगर परिषद ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर संबंधित शिविर में पहुंचकर अपनी समस्या, आवेदन अथवा लंबित प्रकरण का समाधान करवाएं और ‘सेवा सेतु अभियान-2026’ का अधिकाधिक लाभ उठाएं। वार्डवार आयोजित होने वाले इन शिविरों के माध्यम से नागरिक सेवाओं से जुड़े प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया को मौके पर ही आगे बढ़ाया जाएगा।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
