सवाई माधोपुर, 17 दिसम्बर: हिन्दुस्तान स्काउट्स एण्ड गाइड्स, राजस्थान राज्य के तत्वावधान में उदयपुर में 12 से 16 दिसम्बर तक आयोजित राज्य स्तरीय कला कौशल प्रशिक्षण शिविर में सवाई माधोपुर जिले के स्काउट्स ने अपने हुनर का लोहा मनवाया। इस विशेष प्रशिक्षण में जिले के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पढाना एवं आराधना उच्च प्राथमिक विद्यालय, चक बिलोली मलारना स्टेशन के 17 स्काउट्स ने भाग लिया।

जिला स्काउट सचिव रूपनारायण गुर्जर ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा हिन्दुस्तान स्काउट्स गाइड राजस्थान राज्य संगठन को जारी बजट अनुदान के तहत यह शिविर गोवर्धन विलास, उदयपुर स्थित राज्य प्रशिक्षण केंद्र पर आयोजित किया गया। स्काउट प्रभारी महावीर कुशवाहा के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने मांडणा कला, वॉल पेंटिंग, फैब्रिक पेंटिंग, रंगोली, मेहंदी कला, घरेलू उपयोग की वस्तुएँ, मोमबत्ती और साबुन निर्माण, बिजली बोर्ड एवं अन्य सजावटी सामान तैयार करना, मूर्ति कला, कबाड़ से जुगाड़ तथा मिट्टी के खिलौने बनाने जैसी विविध कलाओं का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

शिविर से लौटने पर हिन्दुस्तान स्काउट्स एण्ड गाइड्स राजस्थान राज्य जिला मुख्यालय, चकचैनपुरा, सवाई माधोपुर में प्रधानाचार्य खेलंती मीना, डिस्ट्रिक्ट ऑर्गेनाइजर (स्काउट व गाइड) भरत लाल प्रजापत एवं अरुणा गौतम ने सभी स्काउट्स का औपचारिक स्वागत किया। इस अवसर पर स्काउट्स के समर्पण और उत्साह को सराहा गया, जिससे उनके कौशल और रचनात्मकता को बढ़ावा मिलेगा।

यह प्रशिक्षण न केवल स्काउट्स के व्यक्तिगत विकास के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि स्थानीय कला और हस्तशिल्प की परंपरा को भी सुदृढ़ करने में सहायक साबित होगा। जिले के स्काउट्स द्वारा प्राप्त कौशल भविष्य में सामाजिक और सामुदायिक परियोजनाओं में नई दिशा और प्रभावशाली योगदान दे सकता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story