गंगापुर सिटी में निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान, शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और संगठनात्मक गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने के उद्देश्य से स्कूल शिक्षा परिवार (संघ) ब्लॉक गंगापुर सिटी की आम सभा 24 मई 2026 रविवार को सुबह 8 बजे उदेई मोड़ स्थित भगवती पैलेस में आयोजित होगी। सभा में निजी विद्यालय संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों, शिक्षा विभाग की योजनाओं और संगठनात्मक मजबूती पर व्यापक चर्चा की जाएगी।

प्रदेश सचिव एवं जिलाध्यक्ष डॉ. अनुज कुमार शर्मा तथा ब्लॉक अध्यक्ष नीटू सिंह धावाई ने बताया कि आम सभा में निजी विद्यालय संचालकों, शिक्षाविदों और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील करते हुए कहा कि बैठक शिक्षा क्षेत्र की चुनौतियों और समाधान पर केंद्रित रहेगी।

ब्लॉक प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी सारांश जैन ने जानकारी दी कि बैठक में यू-डाइस, ईएलसी, आरटीई, लाडो योजना, शिक्षा विभाग की नई गाइडलाइन तथा विद्यालय संचालन से संबंधित प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर विभागीय अधिकारियों द्वारा विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही निजी विद्यालयों के समक्ष आने वाली प्रशासनिक और आर्थिक समस्याओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

सभा के दौरान ब्लॉक महामंत्री सुरेंद्र सिंह राजपूत सत्र 2025-26 का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे, जबकि कोषाध्यक्ष महेंद्र कुमार नापित आय-व्यय का लेखा-जोखा रखेंगे। धर्मप्रकाश आर्य विद्यालय संचालन, प्रवेश प्रक्रिया, नामांकन और प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करेंगे।

बैठक में आरटीई भुगतान में देरी, सदस्यता अभियान, नए पदाधिकारियों के गठन और संगठन को मजबूत बनाने जैसे अहम मुद्दों पर भी चर्चा प्रस्तावित है। आम सभा के समापन पर सहभोज का आयोजन रखा गया है। शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए यह बैठक संगठनात्मक दिशा तय करने और निजी विद्यालयों की चुनौतियों को प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story