सवाईमाधोपुर जिले के खण्डार थाना क्षेत्र में चर्चित दौलतपुरा मारपीट प्रकरण में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने करीब एक माह से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर अपराधी बत्तीलाल गुर्जर को जयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष 'एरिया डोमिनेशन' अभियान के तहत की गई है।

घटनाक्रम के अनुसार, 19 मई 2026 को पीड़ित सुखविन्दर सिंह उर्फ प्रिन्श की बहन ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 14 मई 2026 की रात लगभग 2 बजे, मलारना डूंगर थाने का हिस्ट्रीशीटर बत्तीलाल पुत्र घनश्याम गुर्जर अपने साथियों के साथ दौलतपुरा स्थित फार्म हाउस में जबरन घुस गया। पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुखविन्दर पर लाठियों और डंडों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले में सुखविन्दर के दोनों हाथों की अंगुलियां और कंधे में फ्रैक्चर आए थे। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा संख्या 140/2026 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था।

वारदात के बाद से ही आरोपी बत्तीलाल गुर्जर लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह मीणा और पुलिस उपाधीक्षक रामधन जाट के पर्यवेक्षण में खण्डार थानाधिकारी लक्ष्मण सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जयपुर में दबिश देकर वांछित अपराधी बत्तीलाल को धर दबोचा। इस कार्रवाई में थाना खण्डार के सहायक उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह, पुलिस लाइन के एएसआई संजय कुमार, हैड कांस्टेबल बुद्धिप्रकाश और कांस्टेबल केदार प्रसाद की भूमिका सराहनीय रही। अपराधी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story