सवाई माधोपुर: पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में ग्राम रक्षक और साइबर वॉलेंटियर का होगा चयन
पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए महिला सुरक्षा सखी, सीएलजी और पुलिस मित्र के चयन हेतु आवेदन मांगे हैं।

सवाई माधोपुर। कार्यालय जिला पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर द्वारा जिले में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने और जन-सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी के नेतृत्व में जिला सवाई माधोपुर में सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने एवं आमजन की सुरक्षा और सहयोग को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम रक्षक, महिला सुरक्षा सखी, सीएलजी, पुलिस मित्र एवं साइबर वॉलेंटियर का नए सिरे से चयन किया जायेगा। इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के नागरिकों को पुलिस के साथ मिलकर जन-सामान्य की सुरक्षा एवं समाज में व्याप्त अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण व विभिन्न स्थानीय स्तर की समस्याओं के समाधान एवं मानवाधिकारों की रक्षा में अपना योगदान देने के उद्देश्य से सम्मिलित होने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
सहयोगात्मक पुलिसिंग और पात्रता का दायरा
इन योजनाओं के अंतर्गत पुलिस जिला सवाई माधोपुर के सभी वार्ड, पंचायत, ग्राम, तहसील और जिला स्तर से सभी आयु व सभी वर्गों के इच्छुक व्यक्ति जुड़ सकते हैं। इसमें किसान, विद्यार्थी, महिलाएं, इंजीनियर, डॉक्टर, व्यवसायी, बैंकर, अध्यापक, साइबर एक्सपर्ट, कंपनियों में कार्यरत कर्मचारी व अन्य प्राइवेट कर्मचारी, नगरपालिका कर्मचारी, होटल कर्मचारी, अग्निशमन कर्मचारी व व्यवसायी, मॉल में कार्यरत कर्मचारी व अन्य मजदूर वर्ग आदि एवं समाज सेवा की भावना रखने वाले सभी नागरिक शामिल हो सकते हैं। सामुदायिक पुलिसिंग का उद्देश्य पुलिस एवं समाज के मध्य बेहतर सहयोगात्मक सम्बन्ध स्थापित करना है जिसमे जुड़कर समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने स्थानीय परिवेश में व्याप्त विभिन्न प्रकार के अपराधों को रोकने व शांति व सुरक्षा स्थापित करने में अपना योगदान दे सकता है।
विभिन्न श्रेणियों हेतु निर्धारित मानदंड
महिला सुरक्षा सखी के लिए आवेदक पुलिस जिला सवाई माधोपुर क्षेत्राधिकार के निवासी हों और उनकी आयु सीमा 15 से 70 साल के मध्य होनी चाहिए। सदस्यों का आपराधिक रिकॉर्ड नहीं होना चाहिए तथा वे समाज में प्रतिष्ठित एवं ईमानदार छवि वाले होने चाहिए। इसके लिए वर्तमान शासकीय सेवा में सेवारत महिलाएँ, शिक्षण संस्थान से जुड़ी महिलाएँ, सेवा निवृत्त महिला, पुलिस सेवा निवृत्त महिला या किसी भी अन्य शासकीय सेवा से निवृत्त महिला कर्मचारी पात्र हैं। पुलिस मित्र के लिए अनिवार्य है कि वे आपराधिक, असामाजिक या अवांछनीय गतिविधियों में लिप्त न हों और राजनीति में सक्रिय न हों। उनकी आयु 18 साल से ऊपर होनी चाहिए। इसमें वर्तमान शासकीय सेवा में सेवारत व्यक्ति, गृह रक्षा स्वयं सेवक, भूतपूर्व सैनिक और शिक्षण संस्थान से जुड़ाव रखने वाले व्यक्ति शामिल हो सकते हैं।
सीएलजी सदस्य के लिए पुलिस जिला सवाई माधोपुर क्षेत्राधिकार का निवासी होना, साफ़-सुथरी छवि, कोई आपराधिक रिकॉर्ड न होना और सामुदायिक सेवा में रुचि होना आवश्यक है। ग्राम रक्षक के पद हेतु भी क्षेत्राधिकार का निवासी होना, समाज सेवा में रुचि, बिना आपराधिक पृष्ठभूमि, प्राइवेट वेतनभोगी या सेवानिवृत्त अधिकारी और समाज के गणमान्य लोग पात्र होंगे। साइबर वॉलेंटियर के लिए साइबर लॉ और डिजिटल एथिक्स की समझ होनी चाहिए। इसके लिए साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग में रुचि व अनुभव के साथ कंप्यूटर साइंस, ICT, BCA, MCA या B.Sc (Physics/Chemistry/Maths) में डिग्री या डिप्लोमा होना आवश्यक है।
आवेदन प्रक्रिया और संपर्क विवरण
इच्छुक अभ्यर्थी संलग्न प्रपत्र को निर्धारित प्रारूप में भरकर पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर कार्यालय में सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 10.00 बजे से शाम 6.00 बजे तक अपराध शाखा के कमरा नंबर 19 में जमा करवा सकते हैं। आवेदन ई-मेल आईडी crimebranchsmr@gmail.com या मोबाइल नंबर 9983545403 पर भी भिजवाये जा सकते हैं। जिला पुलिस सवाई माधोपुर ने समस्त नागरिकों से अपील की है कि "वे इस प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लें और समाज में शांति एवं सुरक्षा को बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
