सवाई माधोपुर में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में प्रभावी परिणाम दे रही है। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के माध्यम से संचालित इस योजना ने जिले के युवाओं को अपने सपनों को साकार करने और स्वरोजगार स्थापित करने का सशक्त अवसर प्रदान किया है।

जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबंधक पंकज मीणा ने बताया कि योजना के अंतर्गत अब तक 33 लाभार्थियों को 140.38 लाख रुपए के ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं। इनमें से 17 लाभार्थियों को 65.85 लाख रुपए की ऋण राशि का वितरण भी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ जिले में रोजगार सृजन को भी नई गति प्रदान कर रही है।

महाप्रबंधक पंकज मीणा ने बताया कि योजना के तहत विनिर्माण, सेवा एवं व्यापार क्षेत्र में सूक्ष्म उद्यम स्थापित करने के लिए अधिकतम 10 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाता है। पात्र लाभार्थियों को अधिकतम 50 हजार रुपए तक की मार्जिन मनी सहायता भी प्रदान की जाती है। इसके साथ ही राज्य सरकार द्वारा ऋण पर देय ब्याज का शत-प्रतिशत पुनर्भरण तथा सीजीटीएमएसई शुल्क के पुनर्भरण का प्रावधान किया गया है, जिससे लाभार्थियों पर वित्तीय बोझ नहीं पड़ता।

उन्होंने बताया कि 8वीं से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण युवाओं को सेवा एवं व्यापार क्षेत्र के लिए 3.50 लाख रुपए तथा विनिर्माण क्षेत्र के लिए 7.50 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाता है। वहीं स्नातक, आईटीआई अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता रखने वाले युवाओं को सेवा एवं व्यापार क्षेत्र के लिए 5 लाख रुपए तथा विनिर्माण क्षेत्र के लिए 10 लाख रुपए तक का ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया जाता है। पात्र लाभार्थियों को अधिकतम 50 हजार रुपए तक की मार्जिन मनी सहायता भी देय है।

योजना के अंतर्गत कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, इंजीनियरिंग, खनन आधारित उद्योग, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स, कम्प्यूटर सेंटर, मोबाइल रिपेयरिंग, ऑटो पार्ट्स रिपेयरिंग, ट्रांसपोर्ट सर्विस, ब्यूटी पार्लर सहित विभिन्न सेवा एवं व्यापार आधारित गतिविधियों के लिए ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना का लाभ राजस्थान के 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के मूल निवासी युवा ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी अपनी एसएसओ आईडी अथवा ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, फोटो, शैक्षणिक एवं तकनीकी योग्यता प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज निर्धारित किए गए हैं।

महाप्रबंधक पंकज मीणा ने जिले के युवाओं से मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि इच्छुक युवा किसी भी कार्य दिवस में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, सवाई माधोपुर से संपर्क कर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना युवाओं के सपनों को साकार करने और आत्मनिर्भर राजस्थान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

योजना की प्रगति के अनुसार अब तक कुल 1,878 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 466 आवेदन बैंकों को अग्रेषित किए गए। कुल 33 आवेदन स्वीकृत हुए और 33 युवा लाभान्वित हुए हैं। स्वीकृत ऋण राशि 140.38 लाख रुपए है, जबकि 17 लाभार्थियों को 65.85 लाख रुपए की ऋण राशि वितरित की जा चुकी है। यह प्रगति जिले में स्वरोजगार को बढ़ावा देने और युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में योजना की प्रभावी भूमिका को दर्शाती है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story