सवाई माधोपुर में पड़ोस युवा संसद का आयोजन, युवाओं को नशामुक्ति और संसदीय प्रणाली की दी जानकारी
सवाई माधोपुर के विवेकानंदपुरम छात्रावास में नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत पड़ोस युवा संसद आयोजित हुई। कार्यक्रम में संसदीय प्रणाली, संविधान और नशामुक्ति पर चर्चा के साथ नारा लेखन प्रतियोगिता और सम्मान समारोह हुआ।

सवाई माधोपुर के विवेकानंदपुरम छात्रावास में पड़ोस युवा संसद के दौरान प्रतिभागी और आयोजक खड़े दिख रहे हैं।
सवाई माधोपुर में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों, संसदीय कार्यप्रणाली और संविधान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विवेकानंदपुरम छात्रावास में पड़ोस युवा संसद कार्यक्रम आयोजित किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत केंद्र सवाई माधोपुर की ओर से जिला कलक्टर काना राम के मार्गदर्शन में 28 नवम्बर को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत यह कार्यक्रम हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना, नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी ने मेरा भारत पर प्रस्तुतीकरण दिया। साथ ही संसदीय कार्यप्रणाली, नशामुक्ति, संविधान और फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल अभियान से संबंधित विषयों पर जानकारी दी।
शिक्षाविद अमरसिंह पूर्वीया ने युवाओं को संबोधित करते हुए नशे को व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में बाधक बताया। वहीं, चिकित्सा विभाग के लक्ष्मीकांत जाट ने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने का आह्वान किया। युवा समाजसेवी शुभम भारद्वाज ने भी युवाओं का मार्गदर्शन किया। स्काउट सचिव महेश सेजवाल ने संसदीय कार्यप्रणाली और ‘मेरा वोट मेरी ताकत’ विषय पर जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति विषय पर युवाओं के बीच चर्चा और विचार-विमर्श हुआ। इसमें प्रतिभागियों ने नशे के शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों पर अपने विचार रखे। साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की।
युवाओं की रचनात्मक भागीदारी के लिए नशामुक्ति विषय पर नारा लेखन गतिविधि आयोजित की गई। इसके अलावा स्लोगन ड्रॉप बॉक्स के माध्यम से प्रतिभागियों के विचार और संदेश एकत्र किए गए। नारा लेखन प्रतियोगिता में सूरज्ञान ने प्रथम, प्रिंस ने द्वितीय और राज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पड़ोस युवा संसद में सतपाल विश्नोई प्रथम, मेघराज द्वितीय और रूपसिंह तृतीय स्थान पर रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त डायरी भी वितरित की गई।
समापन अवसर पर उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। सभी ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर छात्रावास के संस्थाप्रधान हंसराज वैष्णव, अधीक्षक मुरारी भारद्वाज, मेरा युवा भारत केंद्र के मनोज कुमार महावर, वंदना संगत और रजत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
