भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत केंद्र द्वारा जिले की दो पंचायत समितियों में ग्रामीण युवा मण्डल एवं युवती मण्डल गठन हेतु 5 दिवसीय युवा मण्डल गठन अभियान का संचालन किया जाएगा। इस अभियान के तहत जिले की दो पंचायत समितियों तथा उनसे जुड़ी आस-पास की पंचायतों में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को शामिल करते हुए कुल 70 युवा मण्डलों का गठन, पुनर्गठन एवं सक्रियकरण किया जाएगा।

इस कार्य के लिए प्रत्येक पंचायत समिति में क्रमशः 6-6 कार्यकर्ताओं की दो टीमें गठित की जाएंगी। अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को माय भारत केंद्र से जोड़ना, माय भारत पोर्टल पर उनका पंजीयन सुनिश्चित करना, डिजिटल डेटा बेस तैयार करना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं से युवाओं को जोड़कर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार करना और प्रशासन को सहयोग प्रदान करना है।

ग्रामीण युवा मण्डलों में प्रत्येक मण्डल में 15 से 20 युवाओं की सहभागिता अनिवार्य होगी, जिसमें गांव के सभी वर्गों के युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक युवा मण्डल के सुचारू संचालन के लिए एक प्रबंध कार्यकारिणी का गठन भी किया जाएगा। साथ ही युवा मण्डल का सोशल मीडिया खाता, जिसमें ईमेल, फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर शामिल हैं, बनाया जाना अनिवार्य होगा।

माय भारत केंद्र द्वारा दोनों कार्यक्रमों के लिए कुल 12 सक्रिय एवं ऊर्जावान युवाओं का चयन किया जाएगा। ये युवा गांवों में जाकर संवाद के माध्यम से युवाओं को जोड़ेंगे और सक्रिय सहभागिता के साथ युवा मण्डलों का गठन कराएंगे। 5 दिवसीय इस अभियान में भाग लेने वाले युवाओं को प्रतिदिन 1000 रुपए की दर से कुल 5000 रुपए का मानदेय भुगतान किया जाएगा।

अभियान हेतु निर्धारित प्रपत्र माय भारत केंद्र द्वारा पूरी टीम को निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। अभियान के समापन के पश्चात नवगठित युवा मण्डलों के कार्यकर्ताओं की एक बैठक भी उनके पहुंच क्षेत्र के भीतर उचित स्थान पर आयोजित की जाएगी।

इच्छुक युवा, जो सामाजिक एवं युवा रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े हैं और इस कार्य में रुचि रखते हैं, वे 15 मई तक बाल मंदिर कॉलोनी स्थित माय भारत कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

यह अभियान जिले में युवाओं के संगठन, डिजिटल भागीदारी और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story