सवाई माधोपुर: युवक पर फायरिंग करने वाले तीन आरोपी 4 घंटे में गिरफ्तार
पुरानी रंजिश के चलते युवक के पैर में गोली मारने वाले हिस्ट्रीशीटर समेत तीन आरोपियों को पुलिस ने शिवाड़ और बौंली थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दबोचा।

तस्वीर में बाएं से दाएं आरोपी अविनाश, शंकरलाल और योगेश, जिन्हें सवाई माधोपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया।
सवाई माधोपुर जिले के सूरवाल थाना क्षेत्र के लोरवाड़ा गांव में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर फायरिंग करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। वारदात के बाद बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो एन में फरार हुए आरोपियों को पुलिस चौकी शिवाड़ और बौंली थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल स्कॉर्पियो एन भी जब्त कर ली है।
यह कार्रवाई डॉ. प्रीति चन्दा आईपीएस, पुलिस महानिरीक्षक भरतपुर रेंज, भरतपुर तथा सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस, पुलिस अधीक्षक जिला सवाई माधोपुर के निर्देशन में की गई। श्रीमती नेहा अग्रवाल आरपीएस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सवाई माधोपुर और श्री राजेन्द्र कुमार मीना आरपीएस, सीओ शहर सवाई माधोपुर के सुपरविजन में थानाधिकारी राकेश कुमार शर्मा पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों को डिटेन किया। अनुसंधान के बाद हिस्ट्रीशीटर अविनाश उर्फ राजू पंडित, शंकरलाल और योगेश को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे से 3:00 बजे के बीच हिस्ट्रीशीटर अविनाश उर्फ राजू पंडित पुत्र दिलीप शर्मा निवासी लोरवाड़ा अपने अन्य साथियों के साथ बिना नंबर की काली स्कॉर्पियो एन में सवार होकर तेज गति से लोरवाड़ा गांव पहुंचा। यहां आपसी पुरानी रंजिश के चलते अविनाश उर्फ राजू पंडित ने सड़क पर मौजूद अमर सिंह पुत्र मीठालाल निवासी लोरवाड़ा पर फायरिंग कर दी। गोली अमर सिंह के बाएं पैर के घुटने में लगी। परिजन घायल अमर सिंह को उपचार के लिए सामान्य चिकित्सालय सवाई माधोपुर लेकर पहुंचे।
घटना की सूचना पर संदीप हेड कांस्टेबल नंबर 345 और बजरंग कांस्टेबल नंबर 1491 पुलिस जाप्ते के साथ सामान्य चिकित्सालय पहुंचे। वहां उपचाराधीन घायल अमर सिंह के पर्चा बयान दर्ज किए गए। इसके बाद पुलिस थाना सूरवाल में मुकदमा नंबर 190/2026 धारा 109(1), 189(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच थानाधिकारी राकेश कुमार शर्मा पुलिस निरीक्षक को सौंपी गई।
फायरिंग की सूचना मिलते ही थानाधिकारी राकेश कुमार शर्मा ने घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि वारदात के बाद हिस्ट्रीशीटर अविनाश उर्फ राजू पंडित अपने साथियों के साथ बिना नंबर की स्कॉर्पियो एन में बैठकर लोरवाड़ा से भगवतगढ़ की ओर फरार हो गया। इस पर थानाधिकारी ने जिला कंट्रोल रूम को वाहन और आरोपियों की तलाश के लिए तत्काल नाकाबंदी करवाने के निर्देश दिए। जिला कंट्रोल रूम ने भी तुरंत जिले के सभी थानों को सूचना देकर नाकाबंदी करवाई।
आरोपियों की तलाश के दौरान पुलिस चौकी शिवाड़ के कांस्टेबल बनवारी और रामावतार ने बावर्ती के पास पुलिस को देखकर भाग रही बिना नंबर की स्कॉर्पियो एन को देखा। वाहन सारसोप गांव से तत्काल टापुर गांव की तरफ भाग निकला। पुलिस चौकी शिवाड़ की टीम ने स्कॉर्पियो एन का पीछा शुरू कर दिया और वाहन की लोकेशन एवं मौके की स्थिति से जिला कंट्रोल रूम को लगातार अवगत कराया।
जिला कंट्रोल रूम ने तत्परता दिखाते हुए बौंली थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बौंली थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक जितेन्द्र सिंह सोलंकी अपनी टीम के साथ ग्राम बन्धावल पहुंचे और घेराबंदी कर फायरिंग की वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को स्कॉर्पियो एन सहित डिटेन कर लिया। इस दौरान थानाधिकारी राकेश कुमार शर्मा भी पुलिस जाप्ते के साथ बौंली थाना क्षेत्र के संभावित रास्तों पर आरोपियों की तलाश कर रहे थे। वे बांस की पुलिया पहुंचे, जहां डिटेन किए गए आरोपियों और वारदात में प्रयुक्त वाहन को अपने साथ लेकर थाना लौटे।
पुलिस ने अनुसंधान के बाद अविनाश उर्फ राजू पंडित पुत्र दिलीप कुमार, जाति ब्राह्मण, उम्र 28 वर्ष, निवासी लोरवाड़ा, पुलिस थाना सूरवाल, जिला सवाई माधोपुर; शंकरलाल पुत्र चन्दालाल, जाति मीना, उम्र 32 वर्ष, निवासी बरखेड़ा, पुलिस थाना शिवदासपुरा, जिला जयपुर; और योगेश पुत्र ओम प्रकाश, जाति मेघवाल, उम्र 26 वर्ष, निवासी जीतापाड़ा, 5 दुकान के पास, कानोता, पुलिस थाना कानोता, हाल निवासी मकान नंबर 350, मेन स्कीम, जगतपुरा, जयपुर, पुलिस थाना प्रतापनगर, जयपुर को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो एन भी जब्त की गई है।
इस पूरी कार्रवाई में सूरवाल थानाधिकारी राकेश कुमार शर्मा, बौंली थानाधिकारी जितेन्द्र सिंह सोलंकी, हेड कांस्टेबल देशराज नंबर 47, संदीप नंबर 345, कैलाश चंद नंबर 362, कांस्टेबल महेन्द्र नंबर 977, राजेश नंबर 972, भवानी शंकर नंबर 132, बजरंग नंबर 1491, हनुमाना राम नंबर 1603, अनिल नंबर 1547, संतोष नंबर 1602 और बृजमोहन नंबर 433 शामिल रहे।
पुलिस चौकी शिवाड़ से कांस्टेबल बनवारी नंबर 1464, रामावतार नंबर 81, बाबूलाल नंबर 1044 और राजवीर नंबर 888 ने कार्रवाई में सहयोग किया। बौंली थाना पुलिस की ओर से हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार नंबर 396 तथा कांस्टेबल सोनू कुमार नंबर 1539, आकाश नंबर 1648, धर्मवीर नंबर 1415 और महेन्द्र नंबर 1394 शामिल रहे। जिला कंट्रोल रूम से उपनिरीक्षक मुरारीलाल और कांस्टेबल वारिश खान नंबर 884 ने भी समन्वय में भूमिका निभाई।
फायरिंग की घटना के बाद तत्काल नाकाबंदी, पुलिस टीमों के बीच समन्वय और लगातार पीछा करने के परिणामस्वरूप तीनों आरोपी चार घंटे के भीतर पुलिस की गिरफ्त में आ गए। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
