सवाई माधोपुर: यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन और झड़प
दिल्ली में एआई समिट के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे NSUI जिलाध्यक्ष सहित दो कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।

सवाई माधोपुर कलेक्ट्रेट के बाहर दिल्ली में हुई गिरफ्तारियों के विरोध में प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच हुई धक्का-मुक्की का दृश्य।
सवाई माधोपुर। दिल्ली में आयोजित एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और राष्ट्रीय अध्यक्ष की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को सवाई माधोपुर में यूथ कांग्रेस एवं NSUI कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और पुलिस के साथ झड़प भी हो गई। पुलिस ने NSUI जिलाध्यक्ष आसिफ खलीफा और कार्यकर्ता मनोज मीणा को हिरासत में ले लिया।
कलेक्ट्रेट पर धरना और प्रदर्शन
प्रदर्शनकारी पहले बजरिया स्थित महावीर पार्क में एकत्रित हुए, जहां से रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता कलेक्टर को मौके पर बुलाकर ज्ञापन लेने की मांग पर अड़ गए। कलेक्टर के नहीं पहुंचने पर प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गए।
पुलिस के साथ तीखी झड़प और हिरासत
स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई। माहौल बिगड़ता देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
केंद्र सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का आरोप है कि "देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इशारे पर संसद में उनके नेता राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जाता।" उनका कहना है कि दिल्ली में एआई समिट के दौरान शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने पर दिल्ली पुलिस ने सरकार के दबाव में कार्रवाई करते हुए न केवल कार्यकर्ताओं बल्कि यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को भी गिरफ्तार कर लिया।
आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विपक्ष की आवाज दबाने के लिए पुलिस का सहारा ले रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि "जब तक उनके नेताओं और कार्यकर्ताओं को रिहा नहीं किया जाता, तब तक यूथ कांग्रेस, NSUI और कांग्रेस के कार्यकर्ता आंदोलन जारी रखेंगे और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
