सवाई माधोपुर, 3 जून। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘माय भारत’ केंद्र के दिशा-निर्देशन में ग्राम बहतेड, पंचायत समिति मलारना डूंगर में जागरूकता एवं जनभागीदारी आधारित कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। युवा मंडल अध्यक्ष एवं माय भारत वॉलंटियर शिफाअत खान के नेतृत्व में संपन्न इस कार्यक्रम में उत्साह का संचार रहा।

कार्यक्रम के तहत आयोजित साइकिल रैली का मुख्य उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनचेतना फैलाना और युवाओं को ‘फिट इंडिया’ अभियान से जोड़ना था। रैली में स्थानीय युवाओं, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और ‘स्वस्थ युवा-सशक्त भारत’ का सशक्त संदेश दिया। इस दौरान प्रधानमंत्री की प्रेरणा से माय भारत पोर्टल पर आयोजित ‘नेशन फर्स्ट चैलेंज’ कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया गया और युवाओं से प्रधानमंत्री के ‘नेशन फर्स्ट’ संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया गया।

इस अवसर पर ‘फिट इंडिया शपथ’ का आयोजन हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने नियमित व्यायाम, फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही, ‘वंदे गंगा जल संरक्षण शपथ’ के माध्यम से जल स्रोतों की स्वच्छता, जल संचयन एवं वर्षा जल संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में युवाओं ने फिट इंडिया, जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं स्वच्छता जैसे विषयों पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया और समस्त युवाओं को माय भारत कैप्स वितरित की गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजकीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक हारुन खान ने संबोधित करते हुए कहा कि साइकिल चलाना न केवल स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने माय भारत के माध्यम से युवाओं को सामाजिक सरोकारों एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ने की पहल की सराहना की। कार्यक्रम का समापन शाहबाज हाजी द्वारा राष्ट्रहित, जल संरक्षण एवं स्वस्थ भारत के संकल्प के साथ किया गया। ग्रामीणों एवं युवाओं ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों में सक्रिय सहभागिता का आश्वासन दिया। आयोजन को सफल बनाने में माय भारत युवा मंडल बहतेड के सदस्य शाहरुख, सलमान एवं मोनिश ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story