नाबार्ड समर्थित प्रशिक्षण में महिलाओं को बैंकिंग और डेयरी स्वरोजगार के गुर, आत्मनिर्भर बनने का दिया संदेश
सवाई माधोपुर में नाबार्ड समर्थित एलईडीपी प्रशिक्षण के सातवें दिन महिलाओं को बैंकिंग, ऋण और डेयरी स्वरोजगार की जानकारी दी गई, जिससे आत्मनिर्भरता की राह मजबूत हुई।

तस्वीर में सवाई माधोपुर में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान एक कमरे में जमीन पर बैठी महिलाएं सामने कुर्सी पर बैठे वक्ता को सुनती नजर आ रही हैं।
नाबार्ड के वित्तीय सहयोग से आरुही विकास संस्थान द्वारा संचालित क्षीर समृद्धि महिला डेयरी विकास कार्यक्रम (एलईडीपी) के सातवें दिवस का प्रशिक्षण उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया, जिसमें महिलाओं को बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय साक्षरता और डेयरी स्वरोजगार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में आरएसईटीआई (ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान), सवाई माधोपुर के निदेशक नीरज कुमार गोपालिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने राजीविका स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को बैंक लिंकज, किसान क्रेडिट कार्ड, वित्तीय साक्षरता, ऋण सुविधाओं, ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया, व्यक्तिगत उद्यम कार्ययोजना तथा भविष्य की व्यवसाय योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
नीरज कुमार गोपालिया ने कहा कि नियमित बचत, बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ाव तथा योजनाबद्ध तरीके से ऋण का उपयोग कर महिलाएं डेयरी व्यवसाय को सफल उद्यम में बदल सकती हैं और आत्मनिर्भर बन सकती हैं। उन्होंने महिलाओं को वित्तीय अनुशासन और योजनाबद्ध व्यवसाय विकास के महत्व से भी अवगत कराया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को डेयरी उद्यम स्थापित करने के लिए बैंकों से जुड़ने, विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा व्यवसाय को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण में शामिल महिलाओं ने भी सक्रिय सहभागिता करते हुए अपने डेयरी व्यवसाय को विकसित करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रशिक्षक लवकुश यादव तथा सह-प्रशिक्षक देवराज सैनी और मौजीराम भी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को वित्तीय रूप से सशक्त बनाते हुए डेयरी आधारित स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना रहा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
