शीतलहर में पशुधन पर बढ़ सकता है बीमारियों का खतरा, बचाव के लिए पशुपालन विभाग ने जारी की सलाह
सवाई माधोपुर में सर्दी और तापमान में उतार-चढ़ाव से पशुओं के बीमार होने और दुग्ध उत्पादन घटने की आशंका है। संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव गर्ग ने टीकाकरण, संतुलित आहार और पशु आवास की सुरक्षा को लेकर जरूरी सलाह दी।

सवाई माधोपुर जिले में सर्दी बढ़ने और दिन-रात के तापमान में लगातार बदलाव से पशुओं के स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। बदलते मौसम के कारण पशुओं में विभिन्न बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ सकता है। इसे देखते हुए पशुपालन विभाग ने पशुपालकों को पशुधन की सुरक्षा के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
पशुपालन विभाग सवाई माधोपुर के संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव गर्ग ने बताया कि सर्दी के मौसम में पशुओं के दुग्ध उत्पादन में कमी आने या किसी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर पशुपालकों को तुरंत निकटतम पशु चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने फडकिया, गलघोंटू, पी.पी.आर, भेड़ माता, लंगड़ा बुखार, मिश्रित संक्रमण और खुरपका-मुंहपका सहित अन्य बीमारियों से बचाव के लिए पशुओं का आवश्यक टीकाकरण करवाने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि पशुओं को ठंड से बचाने के लिए पशु आवासों में जूट की टाटपट्टी और तिरपाल का उपयोग किया जाना चाहिए। इससे विशेष रूप से छोटे पशुओं और पोल्ट्री को ठंड से सुरक्षा मिल सकेगी। पशु आवासों में सूखी घास की बिछावट करने के साथ हवा और प्रकाश की पर्याप्त व्यवस्था रखनी चाहिए, ताकि उचित वेंटिलेशन बना रहे और नमी जमा न हो।
डॉ. गर्ग के अनुसार, सर्दियों में पशुओं को गुणवत्तापूर्ण हरा चारा, वसा युक्त पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराना जरूरी है। परजीवियों के प्रकोप से बचाने के लिए पशु चिकित्सक की सलाह के अनुसार परजीवीनाशक घोल या दवा देनी चाहिए। इससे पशुओं का स्वास्थ्य बेहतर रखने के साथ चारे-दाने का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जा सकता है।
उन्होंने पशुपालकों को पशुओं को घुटन भरे स्थानों पर नहीं रखने और विशेष रूप से धुएं से बचाने की हिदायत दी। धुएं के संपर्क में आने से पशुओं को सांस संबंधी परेशानी हो सकती है। संयुक्त निदेशक ने जिले की सभी गौशालाओं में भी शीत ऋतु के दौरान इन सभी बचाव उपायों को अपनाने की आवश्यकता बताई।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
