चार-पांच महीने से बूंद-बूंद पानी को तरसे हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-1 के लोग, जिला कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सवाई माधोपुर के हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-1 में चार-पांच महीने से पेयजल संकट बना हुआ है। कॉलोनीवासियों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की।

तस्वीर में सवाई माधोपुर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में पांच महिलाएं एक साथ खड़ी हैं, जिनमें से एक महिला के हाथ में ज्ञापन का कागज दिखाई दे रहा है।
सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय स्थित हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-1 में लंबे समय से बने पेयजल संकट से परेशान कॉलोनीवासियों ने गुरुवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। ज्ञापन में मौजूद महिला ने बताया कि मकान संख्या 1/336 से 1/343 तक पिछले चार-पांच महीनों से नियमित पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित है, जिससे कॉलोनी के लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
कॉलोनीवासी महिला ने बताया कि पानी की आपूर्ति बंद होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों सहित सभी परिवारों को प्रतिदिन भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को अपनी दैनिक जरूरतों के लिए दूर-दराज स्थित हैंडपंपों और बोरवेलों से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
कॉलोनीवासियों ने ज्ञापन में बताया कि समस्या को लेकर जलदाय विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कई बार मौखिक और दूरभाष के माध्यम से शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। विभाग की ओर से टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने का दावा किया जाता है, जबकि वास्तविकता यह है कि प्रभावित घरों तक नियमित रूप से टैंकर भी नहीं पहुंच रहे हैं। इससे भीषण गर्मी के बीच लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
ज्ञापन में कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र में नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति तत्काल बहाल की जाए। जब तक जलापूर्ति सामान्य नहीं होती, तब तक प्रतिदिन टैंकरों के माध्यम से प्रभावित परिवारों को पेयजल उपलब्ध कराया जाए। इसके साथ ही जलापूर्ति बाधित होने के कारणों की जांच कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की भी मांग की गई है।
क्षेत्रवासियों ने ज्ञापन में उम्मीद जताई है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन शीघ्र कार्रवाई कर पेयजल संकट का स्थायी समाधान करेगा और प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करेगा। वहीं जिला कलेक्टर कानाराम ने ज्ञापन देने पहुंची महिलाओं को पानी की समस्या का जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
