सवाई माधोपुर, 30 सितंबर। बाटोदा तहसील क्षेत्र में भिनौरा से बाढ़ पनियाला गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर बुधवार को ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन कर सड़क की मरम्मत एवं नवीनीकरण की मांग उठाई। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सड़क का जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आगामी पंचायतराज चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया जाएगा।

ग्रामीणों ने बताया कि भिनौरा-बाढ़ पनियाला मुख्य सड़क का निर्माण वर्ष 2009 में हुआ था। इसके बाद से सड़क पर न तो नियमित पेचवर्क कराया गया और न ही इसका नवीनीकरण किया गया। लंबे समय से देखरेख के अभाव में सड़क जगह-जगह से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। ग्रामीणों के अनुसार कई स्थानों पर करीब दो से ढाई फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और भी खराब हो जाती है। जगह-जगह पानी भरने और गड्ढों के कारण आवागमन प्रभावित होता है। सड़क की बदहाली के चलते विद्यार्थियों, किसानों, महिलाओं और बुजुर्गों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, भारी वाहनों और ट्रैक्टरों की लगातार आवाजाही से सड़क और अधिक क्षतिग्रस्त हो रही है तथा हादसे की आशंका भी बनी रहती है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन में लगे भारी वाहनों की आवाजाही से भी सड़क को काफी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण एवं मरम्मत को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत और मांग रखी गई, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने भाजपा नेता राजेंद्र मीणा सहित बामनवास विधायक इंदिरा मीणा पर भी गांव और पंचायत की अनदेखी के आरोप लगाए। ग्रामीणों ने कहा कि चुनाव के समय राजनीतिक दलों और नेताओं द्वारा गांव के विकास एवं समस्याओं के समाधान के वादे किए जाते हैं, लेकिन चुनाव के बाद मूलभूत सुविधाओं की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता।

ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव के विकास के दावे भले ही कागजों में दिखाई देते हों, लेकिन जमीनी स्तर पर आज भी ग्रामीण सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से भिनौरा-बाढ़ पनियाला मुख्य सड़क का शीघ्र नवीनीकरण कराने और समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर पंचायतराज चुनाव में मतदान बहिष्कार की चेतावनी दी है।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story