मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान: सवाई माधोपुर में विकास का मास्टर प्लान तैयार
जिला कलक्टर काना राम ने ग्राम सभा का निरीक्षण कर 2047 तक की प्राथमिकताओं के आधार पर विकास का ड्राफ्ट तैयार करने और जनसमस्याओं के समाधान के निर्देश दिए।

सवाई माधोपुर की ग्राम पंचायत खिलचीपुर में आयोजित विशेष ग्राम सभा के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते और जनसुनवाई करते जिला कलक्टर काना राम (बाएं से दूसरे) एवं अन्य अधिकारी।
सवाई माधोपुर, 25 अप्रैल। मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान के अंतर्गत शनिवार को आयोजित विशेष ग्राम सभाओं के क्रम में जिला कलक्टर काना राम ने ग्राम पंचायत खिलचीपुर में ग्राम सभा का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और धरातलीय फीडबैक प्राप्त किया। जिला कलक्टर ने सभा को संबोधित करते हुए स्पष्ट किया कि अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत का बेसलाइन सर्वे प्रस्तुत कर वर्तमान स्थिति को रेखांकित किया जा रहा है, जिसके आधार पर वर्ष 2030, 2035 एवं 2047 तक की भावी जरूरतों, जन-आकांक्षाओं एवं प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास का एक व्यापक ड्राफ्ट मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा। उन्होंने समयबद्धता पर जोर देते हुए बताया कि ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के आपसी संवाद से प्राप्त सुझावों के आधार पर 13 मई को मास्टर प्लान का अनुमोदन होगा तथा 15 मई तक अंतिम मास्टर प्लान पूर्ण रूप से तैयार कर लिया जाएगा। यह मास्टर प्लान लागू होने के पश्चात जिले के प्रत्येक गांव का सर्वांगीण और सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित हो सकेगा।
खिलचीपुर ग्राम सभा के दौरान मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान के साथ-साथ वृक्षारोपण, वंदे गंगा जल संरक्षण, किसानों के पंजीकरण हेतु फार्मर रजिस्ट्री, जल, स्वच्छता एवं स्वच्छता व्यवहार तथा अटल ज्ञान केन्द्र जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली, स्वच्छता, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से संबंधित स्थानीय समस्याएं और सुझाव जिला प्रशासन के समक्ष रखे, जिस पर कलक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने बल देते हुए कहा कि जनभागीदारी ही इस महत्वाकांक्षी अभियान की आधारशिला है और प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अभियान के दौरान प्रशासनिक अनुशासन सुनिश्चित करने हेतु जिला कलक्टर ने सख्त रुख अपनाते हुए पंचायत समिति खंडार की ग्राम पंचायत क्यारदा कला के ग्राम विकास अधिकारी सुरेश मीणा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। सुरेश मीणा बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय से अनुपस्थित पाए गए थे और उन पर राजकार्य में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप है। उल्लेखनीय है कि शनिवार को पूरे जिले में उपखण्ड, ब्लॉक एवं जिला स्तरीय अधिकारी ग्राम सभाओं में मुस्तैद रहे और विकास कार्यों की गहन मॉनीटरिंग की। मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान के माध्यम से जिले में ग्राम सभाओं के जरिए प्रभावी जनसंवाद का यह सिलसिला भविष्य में ग्रामीण विकास की एक नई इबारत लिखने की ओर अग्रसर है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
