सवाई माधोपुर: विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज़ को लेकर उत्साह
माय भारत पोर्टल पर आयोजित क्विज़ में सफल युवाओं को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में प्रधानमंत्री के समक्ष नवाचारी विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

सवाई माधोपुर में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग क्विज़’ प्रतियोगिता को लेकर युवाओं में उत्साह है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से ‘माय भारत’ पोर्टल पर आयोजित इस क्विज़ में जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिला कलक्टर काना राम ने निर्देश जारी किए हैं।
जिला कलक्टर ने जिले के सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, हॉस्टल, कोचिंग संस्थान तथा अन्य शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों को निर्देश दिए कि वे अपने संस्थानों के युवाओं को माय भारत पोर्टल पर क्विज़ में भाग लेने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं के नए विचारों और प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का एक बेहतरीन माध्यम है।
माय भारत कार्यालय सवाई माधोपुर के अनुसार, यह क्विज़ भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के दृष्टिकोण ‘विकसित भारत@2047’ पर आधारित राष्ट्रव्यापी पहल है। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को 10 मिनट की समयावधि में 20 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। क्विज़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष प्रतिभागी अगले चरण निबंध लेखन और उसके बाद प्रस्तुतीकरण राउंड के लिए पात्र होंगे।
चयनित युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर 12 जनवरी को भारत मंडपम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सीधे प्रधानमंत्री के समक्ष देश के विकास से जुड़े अपने नवाचारी विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। इससे क्विज़ में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को अपने विचार राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर प्राप्त होगा।
क्विज़ में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को भारत सरकार की ओर से डिजिटल सहभागिता प्रमाण-पत्र (ई-सर्टिफिकेट) प्रदान किया जाएगा। जिला प्रशासन और माय भारत सवाई माधोपुर कार्यालय ने जिले के सभी युवाओं से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना तुरंत पोर्टल पर जाकर क्विज़ में भाग लें और विकसित भारत के निर्माण में सवाई माधोपुर की सक्रिय भागीदारी दर्ज कराएं।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
