सवाई माधोपुर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर, 2026 तक ‘विकसित भारत–जन सेवा अभियान’ संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत जिले में जनसेवा, जनभागीदारी, सामाजिक सरोकार, जनजागरूकता, सांस्कृतिक गतिविधियों और सुशासन संवाद से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। अभियान की कार्ययोजना और अन्य महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा को लेकर जिला कलक्टर काना राम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई।

बैठक में जिला कलक्टर काना राम ने सभी विभागों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने तथा इसके माध्यम से अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि ‘विकसित भारत’ के लक्ष्यों की दिशा में जनभागीदारी सुनिश्चित करने और जनसेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रदेश में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर, 2026 तक ‘विकसित भारत–जन सेवा अभियान’ संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत प्रदेशभर में जनसेवा एवं जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम होंगे।

सेवा अभियान के तहत जिले में सेवा भावना, जनभागीदारी, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। राज्य, जिला एवं स्थानीय स्तर पर निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार कार्यक्रम होंगे। अभियान की कार्ययोजना में प्रमुख सेवा गतिविधियों के साथ उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 3-स्तरीय उत्तरदायित्व व्यवस्था निर्धारित की गई है।

अभियान के प्रथम चरण में 17 सितंबर को शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ तथा रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। ‘मेरे सपनों का भारत—चित्रसेवा’ गतिविधि 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी। वहीं, ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ के तहत प्रेरणादायक सेवा कार्यों एवं समाजसेवा से जुड़ी कहानियों का संकलन और जन-प्रसार किया जाएगा।

अभियान के आगामी चरण में 25 से 27 सितंबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत स्थानीय आंगनवाड़ी एवं बाल कल्याण केंद्रों से संपर्क एवं सेवा कार्य किए जाएंगे। ‘सेवा की कहानी’ के अंतर्गत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रेरणादायक समाजसेवा गाथाओं का संकलन एवं जन-प्रसार होगा। 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से जनजागरूकता, सांस्कृतिक प्रेरणा एवं सद्भावना का संदेश दिया जाएगा।

गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। वहीं, ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत ग्रामीण स्तर पर 19 से 25 सितंबर तथा शहरी क्षेत्र में 8 से 16 अक्टूबर तक जनसमस्याओं के निराकरण एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित विशेष शिविर आयोजित होंगे।

‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ के तहत ग्रामीण क्षेत्र में 24 सितंबर एवं शहरी क्षेत्र में 11 अक्टूबर को सांस्कृतिक एवं राष्ट्रभक्ति कार्यक्रमों तथा कला प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ 1 से 15 अक्टूबर तक सामाजिक नवाचार एवं युवा समाधान को प्रोत्साहित करने के लिए आयोजित होगा। ‘सुशासन सेवा संवाद’ के माध्यम से नागरिकों एवं प्रशासन के बीच सुशासन विषय पर प्रत्यक्ष संवाद स्थापित किया जाएगा।

बैठक में जिला कलक्टर काना राम ने सभी गतिविधियों का नियमानुसार सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि जन सेवा का संकल्प जन-जन तक पहुंच सके। बैठक में एडीएम संजय शर्मा, जिला परिषद सीईओ मोहित कसानिया, संयुक्त निदेशक पशुपालन राजीव गर्ग सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Updated On
Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur

नाम: हरक चंद जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)

परिचय

हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:

  • दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
  • अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।

Next Story