सवाई माधोपुर के खिजूरी गांव में पौधरोपण के साथ योजना शुरू हुई। इसके तहत श्रमिकों को 125 दिन का रोजगार और प्रति दिन 300 रुपये मजदूरी देने का प्रावधान है।

सवाई माधोपुर, 2 जुलाई। ग्रामीण विकास विभाग की ओर से “विकसित भारत ग्राम योजना” के शुभारंभ के अवसर पर गुरुवार को ग्राम खिजूरी में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत चारागाह भूमि पर पीपल पूजन एवं पौधारोपण कर जिले में योजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस दौरान केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आंध्र प्रदेश के तिरुपति से आयोजित राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम तथा ब्यावर जिले के मसूदा से आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया।

विधायक जितेंद्र गोठवाल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौरव बुडानिया तथा ग्रामीण विकास विभाग की उप सचिव प्रतिष्ठा पिलानिया ने पीपल पूजन एवं पौधारोपण कर जिले में “विकसित भारत ग्राम योजना” की शुरुआत की। कार्यक्रम में योजना को ग्रामीण विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं आजीविका सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए अधिकाधिक जनभागीदारी का आह्वान किया गया।

विधायक जितेंद्र गोठवाल ने केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजना की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि इसके तहत पात्र श्रमिकों को 125 दिवस का रोजगार, प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी तथा सात दिवस के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि फसल की बुवाई एवं कटाई के दौरान रोजगार कार्यों का संचालन नहीं किया जाएगा, ताकि कृषि कार्य प्रभावित न हों।

शुभारंभ समारोह में जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, लोकपाल (वीबीजी रामजी) आशा शर्मा, जनप्रतिनिधियों, ब्लॉक विकास अधिकारी इन्द्रराज सिंह, अन्य जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भागीदारी की। कार्यक्रम के समापन पर विकसित भारत ग्राम योजना को ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, पर्यावरण संरक्षण और आजीविका सुदृढ़ीकरण की दिशा में प्रभावी पहल बताते हुए व्यापक जनसहभागिता पर बल दिया गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story