सवाई माधोपुर: वीर सावरकर जयंती पर युवाओं को जल और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
माय भारत केंद्र और कुहू फाउंडेशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संगोष्ठी, चित्रकला प्रतियोगिता और पौधारोपण के जरिए सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया।

सवाई माधोपुर के कुहू फाउंडेशन परिसर में 28 मई 2026 को वीर सावरकर जयंती के अवसर पर आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रम के दौरान "वंदे गंगा" जल संरक्षण अभियान का बैनर थामे अतिथि और युवा स्वयंसेवक।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत केंद्र द्वारा जिला कलक्टर काना राम के मार्गदर्शन में महान स्वतंत्रता सेनानी, प्रखर राष्ट्रवादी एवं समाज सुधारक वीर सावरकर की जयंती पर छत्रपति शिवाजी युवा मंडल मिर्जापुर की ओर से कुहू फाउंडेशन परिसर में जनजागरूकता एवं युवा प्रेरणा कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम के तहत स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रभक्ति से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना रहा। कार्यक्रम में कुहू फाउंडेशन के डायरेक्टर डॉ. हेमंत शर्मा मुख्य अतिथि तथा भाजपा सोशल मीडिया जिला संयोजक सारांश जैन एवं विद्यार्थी परिषद की प्रांत कार्यकारिणी सदस्य मनोज सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस दौरान वीर सावरकर के जीवन, त्याग, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर संगोष्ठी आयोजित की गई। वक्ताओं ने युवाओं से राष्ट्रहित और सामाजिक उत्तरदायित्व के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने वीर सावरकर के विचारों एवं स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में कुमकुम ने प्रथम, रोशनी कुमारी ने द्वितीय तथा पियूष सैन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मेडल एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
“वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान” के तहत स्वच्छता एवं जल संरक्षण को लेकर विशेष जनजागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें युवाओं और विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा पौधों की देखभाल का संकल्प लिया।
मुख्य अतिथि डॉ. हेमंत शर्मा ने कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष राहुल जागा ने किया। इस दौरान शिवाजी युवा मंडल के सदस्य तनिश सैनी, नवनीत जोशी, दुर्गेश शर्मा सहित माय भारत स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वीर सावरकर जयंती पर आयोजित यह कार्यक्रम युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना, पर्यावरण संरक्षण और जल बचाव के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
