सवाई माधोपुर में मानसून के मद्देनजर वीबी-जी रामजी योजना के श्रमिकों के कार्य समय में बदलाव
सवाई माधोपुर में मानसून के आगमन के साथ वीबी-जी रामजी योजना के श्रमिकों के कार्य समय में बड़ा बदलाव किया गया है। जिला कलक्टर काना राम के नए आदेश के अनुसार अब श्रमिक सुबह 9 से शाम 5 बजे तक कार्य करेंगे। जानिए क्या हैं नए नियम।

ग्रीष्मकाल समाप्त होने एवं मानसून प्रारंभ होने के मद्देनजर सवाई माधोपुर जिले में वीबी-जी रामजी योजना के अंतर्गत कार्यरत श्रमिकों के कार्य समय में बड़ा संशोधन किया गया है। जिला कार्यक्रम समन्वयक एवं जिला कलक्टर काना राम द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार अब जिले में श्रमिकों का नया कार्य समय प्रातः 9:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक निर्धारित कर दिया गया है। इस दौरान दोपहर 1:00 बजे से 2:00 बजे तक एक घंटे का विश्राम रहेगा। प्रशासन द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण कदम से कार्यस्थल पर मजदूरों की दिनचर्या में सीधा बदलाव आया है।
इससे पहले ग्रीष्मकाल के दौरान लागू विशेष व्यवस्था के तहत श्रमिकों का कार्य समय प्रातः 5:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक निर्धारित किया गया था, जो प्रशासनिक नियमों के अनुसार 30 जून 2026 अथवा मानसून प्रारंभ होने तक ही प्रभावी रहना था। अब मानसून की दस्तक के साथ ही समय सारिणी में यह संशोधन लागू कर दिया गया है। नवीन व्यवस्था के तहत यदि कोई श्रमिक समूह अपने निर्धारित टास्क को तय समय से पूर्व ही पूर्ण कर लेता है, तो मेट द्वारा मस्टररोल में कार्य का सत्यापन किया जाएगा तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दूसरी पारी की एनएमएमएस उपस्थिति दर्ज होने के उपरांत ही संबंधित समूह कार्यस्थल छोड़ सकेगा।
जिला कलक्टर काना राम ने स्पष्ट किया कि कार्य समय में किए गए ये संशोधित आदेश तत्काल प्रभाव से पूरे जिले में लागू कर दिए गए हैं, जिससे प्रशासनिक स्तर पर काम सुचारू रूप से चल सके और श्रमिकों को भी तदनुसार कार्य करने में सुविधा हो।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
