सवाई माधोपुर में जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से “वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” का शुभारम्भ रविवार, 25 मई को होगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन सूरवाल बांध पर किया जाएगा, जहां प्रातः 7 बजे से अभियान की शुरुआत जल संरक्षण और जनभागीदारी के संदेश के साथ होगी।

जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि कार्यक्रम में कृषि, उद्यानिकी, ग्रामीण विकास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक तथा प्रभारी सचिव शिवांगी स्वर्णकार शामिल होकर अभियान का औपचारिक शुभारम्भ करेंगे। कार्यक्रम के तहत प्रातः 7 बजे वेस्टवियर से कार्यक्रम स्थल तक “वंदे गंगा कलश यात्रा” निकाली जाएगी। इसके बाद जल पूजन और पीपल पूजन के साथ मुख्य कार्यक्रम आरंभ होगा।

जिला स्तरीय आयोजन के समानांतर जिले के सभी ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर भी अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान के दौरान जल संरक्षण संकल्प शपथ, पौधारोपण, स्वच्छता अभियान, श्रमदान तथा जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम के उपरांत मीडिया को अभियान के तहत प्रस्तावित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी।

“वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान-2026” का आयोजन 5 जून तक किया जाएगा। अभियान के तहत 26 से 31 मई तक विभिन्न विभागों द्वारा जल स्रोतों की सफाई, वर्षा जल संरक्षण, पौधारोपण, रैलियां, श्रमदान, स्कूलों एवं ग्राम स्तर पर जनभागीदारी कार्यक्रम तथा जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। वहीं 2 से 5 जून तक जिलेभर में जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और जनसहभागिता आधारित विशेष कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

भीषण गर्मी और गिरते जलस्तर के बीच शुरू हो रहा यह अभियान जल संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य अभियान के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जल बचत, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक सहभागिता को व्यापक स्तर पर मजबूत करना है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story