सवाई माधोपुर: वंदे गंगा जल संरक्षण महाअभियान के तहत गौशाला में कार्यक्रम आयोजित
पशुपालन विभाग ने सवाई माधोपुर की श्री राधाकृष्ण गौशाला में जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के प्रति जनचेतना जगाने हेतु विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया।

सवाई माधोपुर की श्री राधाकृष्ण गौशाला में 'वंदे गंगा जल संरक्षण महाअभियान' के दौरान पशुपालन विभाग के अधिकारियों और नागरिकों द्वारा गोवंश पूजन कर जल संरक्षण का संदेश दिया गया।
सवाई माधोपुर, 27 मई। राज्य सरकार के निर्देशों के क्रम में जल और पर्यावरण के प्रति जनचेतना जगाने के उद्देश्य से 25 मई से 5 जून, 2026 तक संचालित 'वंदे गंगा जल संरक्षण महाअभियान' के तहत बुधवार को सवाई माधोपुर में पशुपालन विभाग द्वारा भैरू दरवाजा स्थित श्री राधाकृष्ण गौशाला में एक प्रभावी जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस महाअभियान का मुख्य केंद्र बिंदु जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और स्वच्छता रहा, जिसके माध्यम से समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत गौशाला परिसर में वैदिक रीति से गोवंश पूजन के साथ हुई। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने श्रमदान कर परिसर की स्वच्छता में योगदान दिया तथा गोवंश को हरा चारा और गुड़ खिलाकर गौसेवा का पुनीत संदेश प्रसारित किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, जन प्रतिनिधियों और नागरिकों ने सामूहिक रूप से जल और पर्यावरण के संरक्षण के लिए अपना दृढ़ संकल्प दोहराया। इस कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक पशुपालन डॉ. राजीव गर्ग, पूर्व उपसभापति राजेश गोयल और सामाजिक कार्यकर्ता सुरेश चंद्र जैन सहित बड़ी संख्या में गौसेवक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
समानांतर रूप से सवाई माधोपुर दुग्ध संघ प्लांट परिसर में भी स्वच्छता अभियान का संचालन किया गया, जिसमें दुग्ध संघ के कार्मिकों ने पूरी सक्रियता से सहभागिता निभाई। परिसर में व्यापक सफाई कर पर्यावरण की शुचिता और जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित किया गया। यह अभियान केवल एक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके अंतर्गत जिला और ब्लॉक स्तर पर व्यापारिक संगठनों, धार्मिक समूहों, भामाशाहों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ संवाद एवं संगोष्ठियों का आयोजन किया जा रहा है ताकि इस जन अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ा जा सके।
महाअभियान की निरंतरता को सुनिश्चित करते हुए 28 मई को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा ग्राम पंचायत जाहिरा स्थित जेजेएम पम्प हाउस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान भामाशाहों, एसएस, एसीसी एवं एनवाईके स्वयं सेवकों के सहयोग से रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और कृषि उपज मंडी रामिति जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर 'वंदे गंगा जल सेवा', जल बचत हेतु जनजागृति और जल परीक्षण जैसी गतिविधियां संचालित होंगी। साथ ही, 'कर्मभूमि से मातृभूमि' अभियान के अंतर्गत नवीन स्वीकृतियों, कार्यों के अवलोकन, 'जल संचय जन भागीदारी-20' पोर्टल पर कार्यों के इन्द्राज, वृक्षारोपण की तैयारी और जल उपयोग अंकेक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
