सवाई माधोपुर: 6 और 7 जुलाई को इन वार्डों में लगेंगे शहरी सेवा शिविर, समस्याओं का होगा समाधान
सवाई माधोपुर में जनसमस्याओं के समाधान हेतु 6 और 7 जुलाई को विभिन्न वार्डों में शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि नगर परिषद और पालिकाओं में वार्डवार शिविरों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है, जानिए पूरी जानकारी।

राज्य सरकार के निर्देशानुसार शहरी नागरिकों की जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और शहरी क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर व सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से 15 जुलाई 2026 तक शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिनमें आमजन की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण कर राहत प्रदान की जा रही है। जिला कलक्टर काना राम ने जानकारी देते हुए बताया कि इन विशेष शिविरों की श्रृंखला में 6 जुलाई को सवाई माधोपुर नगर परिषद में वार्ड 37 से 42 के नागरिकों के लिए नगर परिषद परिसर में शिविर लगेंगे। इसी क्रम में गंगापुर सिटी नगर परिषद के वार्ड 43 से 48 के निवासियों के लिए नगर परिषद सभागार में शिविर आयोजित होंगे। साथ ही, नगर पालिका वजीरपुर में वार्ड 15, नगरपालिका बामनवास में निर्धारित वार्ड तथा नगर पालिका खण्डार में वार्ड 1 से 25 के नागरिकों के लिए शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अगले दिन यानी 7 जुलाई को सवाई माधोपुर नगर परिषद में वार्ड 43 से 48, गंगापुर सिटी नगर परिषद में वार्ड 43 से 48 के नागरिकों की सुविधा के लिए शिविरों का आयोजन होगा। वहीं, नगर पालिका वजीरपुर में वार्ड 16, नगर पालिका बामनवास में वार्ड 14 तथा नगर पालिका खण्डार में वार्ड 1 से 25 के नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए ये सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन का प्रयास आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ सीधे उनके निकटतम वार्डों में ही उपलब्ध कराना है ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

