सवाई माधोपुर: 29 और 30 जून को वार्डवार लगेंगे शहरी सेवा शिविर, एक जगह मिलेंगे कई लाभ
जिला कलक्टर काना राम के अनुसार, शिविरों में सफाई, पट्टा, पेंशन और सरकारी योजनाओं के आवेदनों का त्वरित निस्तारण कर आमजन को राहत दी जाएगी।

राज्य सरकार के निर्देशानुसार शहरी सेवा शिविर अभियान-2026 के तहत आयोजित सेवा पखवाड़ा 12 जून से 15 जुलाई, 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 29 एवं 30 जून को जिले के विभिन्न नगरीय निकाय क्षेत्रों में वार्डवार शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि इन शिविरों में नगर परिषद क्षेत्र में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट रिपेयर, नई स्ट्रीट लाइट लगाने, सीवरेज कनेक्शन एवं मरम्मत, सार्वजनिक पार्कों की साफ-सफाई, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, स्ट्रीट वेंडर रजिस्ट्रेशन, उपविभाजन-एकीकरण, लीज मुक्ति प्रमाण-पत्र, जन्म-मृत्यु एवं विवाह आवेदन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्वनिधि एवं प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के आवेदन, प्रधानमंत्री आवास योजना के आवेदन तथा एसबीएम 2.0 के तहत घरेलू शौचालय निर्माण के लिए आवेदन सहित विभिन्न कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 29 एवं 30 जून को नगर परिषद सवाई माधोपुर क्षेत्र के वार्ड संख्या 25 से 30 तक के लिए शिविर नगर परिषद परिसर, सवाई माधोपुर में आयोजित होंगे। वहीं, नगर परिषद गंगापुर सिटी क्षेत्र में 29 जून को वार्ड संख्या 25 से 30 तथा 30 जून को वार्ड संख्या 31 से 36 तक के शिविर नगर परिषद सभागार, गंगापुर सिटी में लगाए जाएंगे।
इसी प्रकार नगर पालिका बामनवास क्षेत्र में 29 जून को वार्ड संख्या 10 तथा 30 जून को वार्ड संख्या 11 के लिए शिविर नगर पालिका कार्यालय, बामनवास में आयोजित होंगे। नगर पालिका वजीरपुर क्षेत्र में 29 जून को वार्ड संख्या 10 एवं 30 जून को वार्ड संख्या 11 के शहरी सेवा शिविर नगर पालिका कार्यालय, वजीरपुर में लगाए जाएंगे। वहीं नगर पालिका क्षेत्र खण्डार में वार्ड संख्या 1 से 25 तक के शहरी सेवा शिविर नगर पालिका खण्डार के सभागार में आयोजित किए जाएंगे।
शहरी सेवा शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं नगरीय सेवाओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है, जिससे आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
