मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा प्रदेशभर के नगरीय निकायों में आयोजित किए जा रहे शहरी सेवा शिविर आमजन के लिए राहत और भरोसे का माध्यम बन रहे हैं। विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराए जाने से वर्षों से लंबित मामलों का त्वरित समाधान किया जा रहा है। सवाई माधोपुर नगर परिषद में आयोजित शहरी सेवा शिविर में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां वर्षों से लंबित एक समस्या का समाधान कुछ ही मिनटों में कर दिया गया।

खेरदा सूर्यनगर कॉलोनी निवासी किस्मत देवी पत्नी बुद्धिप्रकाश लंबे समय से अपनी आवासीय भूमि का पट्टा बनवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगा रही थीं। कई बार आवेदन करने और लगातार प्रयास करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया था। वर्षों के इंतजार ने उन्हें निराश कर दिया था।

नगर परिषद में आयोजित शहरी सेवा शिविर की जानकारी मिलने पर किस्मत देवी अपनी पूरी फाइल और आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर पहुंचीं तथा अपनी समस्या नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया के समक्ष रखी। आयुक्त ने मामले को संवेदनशीलता के साथ सुना और दस्तावेजों का मौके पर ही परीक्षण कराया। आवश्यक सत्यापन पूरा होने के बाद शिविर स्थल पर ही किस्मत देवी की आवासीय भूमि का पट्टा जारी कर दिया गया।

जिस कार्य के लिए किस्मत देवी वर्षों से भटक रही थीं, वह कुछ ही मिनटों में पूरा हो गया। पट्टा प्राप्त होते ही उनके चेहरे पर खुशी साफ झलकने लगी। भावुक होकर उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं था कि उनका वर्षों पुराना काम इतनी आसानी और इतनी जल्दी पूरा हो जाएगा।

किस्मत देवी ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहरी सेवा शिविर वास्तव में आमजन के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन कार्यों के लिए लोगों को लंबे समय तक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, वे अब सेवा शिविरों में एक ही स्थान पर त्वरित रूप से किए जा रहे हैं। सवाई माधोपुर नगर परिषद में आयोजित यह शिविर वर्षों से लंबित समस्या के त्वरित समाधान का उदाहरण बनकर सामने आया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story