सवाई माधोपुर में राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित शहरी सेवा शिविर अभियान के तहत आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान कर राहत प्रदान की जा रही है। सोमवार को नगर परिषद परिसर में वार्ड 1 से 6 के लिए आयोजित शिविर में विभिन्न प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कर प्रशासन ने सेवा प्रदायगी की गति का परिचय दिया।

सवाई माधोपुर, 15 जून 2026। राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले के सभी स्थानीय निकायों में 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिनका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान करना और लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में सोमवार को नगर परिषद परिसर में वार्ड 1 से 6 के लिए शहरी सेवा शिविर आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में नागरिकों के मामलों का मौके पर समाधान किया गया।

नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के दौरान पट्टे से संबंधित 05 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 03 का निस्तारण किया गया। इसी प्रकार भवन मानचित्र का 01 प्रकरण, नाम हस्तांतरण का 01 प्रकरण, तथा स्ट्रीट लाइट से जुड़े 06 मामलों में से 03 का निस्तारण किया गया। जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण से जुड़े सभी 55 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसके अलावा ईडब्ल्यूएस के 05 प्रकरणों का भी निस्तारण किया गया, जबकि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 08 आवेदनों में से 02 को बैंक द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई।

शिविर के दौरान लंबे समय से लंबित पट्टा प्रकरणों का निस्तारण होने पर लाभार्थियों के चेहरों पर संतोष और खुशी देखने को मिली। नागरिकों ने त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशासन की पहल की सराहना की।

आयुक्त दलीप पूनिया ने यह भी बताया कि 16 जून मंगलवार को पुनः वार्ड 1 से 6 के लिए शिविर आयोजित किया जाएगा। इन शिविरों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट मरम्मत, नई लाइटों की स्थापना, सार्वजनिक सुविधाओं का सुधार, पेचवर्क, पार्कों एवं शौचालयों की सफाई, सीवरेज कनेक्शन, लंबित पत्रावलियों का निस्तारण, पट्टे, नामांतरण, भवन निर्माण स्वीकृति, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के आवेदन प्राप्त कर त्वरित गति से निस्तारण किया जा रहा है।

यह अभियान स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक सक्रियता और नागरिक सेवाओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है, जिससे आमजन को राहत और सुविधा दोनों एक साथ मिल रही हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story