सवाई माधोपुर में राजस्थान सरकार के निर्देशानुसार आयोजित शहरी सेवा शिविर 2026 आमजन के लिए राहत लेकर आया है। मंगलवार को नगर परिषद परिसर में वार्ड 43 से 48 के लिए आयोजित इस शिविर में नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया ने स्वयं उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों ने आवासीय पट्टे, नाम हस्तांतरण पत्र, पट्टा उप विभाजन, भवन निर्माण स्वीकृति तथा जन्म, मृत्यु एवं विवाह पंजीयन से संबंधित विभिन्न प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया। शिविर के दौरान आयुक्त ने कई लाभार्थियों को भूखंड पट्टे और नाम हस्तांतरण के दस्तावेज सौंपे। आयुक्त दलीप पूनिया ने स्पष्ट किया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि आगामी 8 जुलाई बुधवार को भी नगर परिषद द्वारा वार्ड 43 से 48 के लिए शिविर का आयोजन जारी रहेगा। इन शिविरों में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट मरम्मत, सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव और सीवरेज जैसी बुनियादी सेवाओं के साथ-साथ स्टेट ग्रांट, कच्ची बस्ती 69 ए, कृषि भूमि भू-उपयोग परिवर्तन, फायर एनओसी और ट्रेड लाइसेंस जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 और एसबीएम 2.0 के तहत घरेलू शौचालय निर्माण के आवेदनों को प्राथमिकता से निस्तारित किया जा रहा है, ताकि नागरिक सेवाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच सके।

Next Story