शहरी सेवा शिविर अभियान के अंतिम दिन उमड़ी भीड़, आयुक्त दलीप पूनिया ने पट्टे बांटकर दिलाई राहत
सवाई माधोपुर में शहरी सेवा शिविर अभियान के अंतिम दिन नगर परिषद में बड़ी भीड़ उमड़ी। आयुक्त दलीप पूनिया ने पट्टे वितरित किए और विभिन्न लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण कर राहत प्रदान की।

तस्वीर में नगर परिषद सवाई माधोपुर के अधिकारी और कर्मचारी शहरी सेवा शिविर के दौरान एक लाभार्थी नागरिक को भूमि का पट्टा सौंपते हुए दिखाई दे रहे हैं।
सवाई माधोपुर में राज्य सरकार के निर्देशानुसार 15 जुलाई तक आयोजित शहरी सेवा शिविर अभियान के अंतिम दिन बुधवार को नगर परिषद परिसर में बड़ी संख्या में परिवादी अपनी समस्याओं के समाधान और विभिन्न सेवाओं का लाभ लेने पहुंचे। अंतिम तिथि होने के कारण सुबह से शाम तक आमजन की अच्छी-खासी भीड़ शिविर में बनी रही।
नगर परिषद आयुक्त दलीप पूनिया ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा अभियान के तहत दी जा रही छूट का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में परिवादी अंतिम दिन अपने कार्य करवाने नगर परिषद शिविर में पहुंचे। इस दौरान नगर परिषद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने त्वरित गति से कार्य करते हुए नियमानुसार लाभार्थियों को भूखंड के पट्टे वितरित किए। साथ ही शिविर में पहुंचे आमजन की विभिन्न समस्याओं का समाधान कर सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
आयुक्त दलीप पूनिया ने बताया कि अभियान के दौरान आयोजित शिविरों में वार्डवार साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट मरम्मत, नई लाइट लगाना, टूटे फेरो कवर व क्रास सही करना, ब्लैक स्पॉट सही करवाना, पेचवर्क, पार्कों की सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई व मरम्मत, सीवरेज कनेक्शन व मरम्मत, लंबित पत्रावलियों का निस्तारण, विभिन्न प्रकार के पट्टे, स्टेट ग्रांट, कच्ची बस्ती 69 ए, कृषि भूमि भू-उपयोग परिवर्तन, खांचा भूमि, नामांतरण, भवन निर्माण मंजूरी, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, स्ट्रीट वेंडर रजिस्ट्रेशन, उप विभाजन-एकीकरण, लीज मुक्ति प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु एवं विवाह प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, पीएम स्वनिधि योजना के आवेदन, प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत आवेदन तथा एसबीएम 2.0 के अंतर्गत घरेलू शौचालय निर्माण के आवेदन प्राप्त कर उनका त्वरित गति से निस्तारण किया गया।
आयुक्त पूनिया ने कहा कि आमजन को राहत प्रदान करने के लिए नगर परिषद की ओर से आगे भी त्वरित गति से कार्य करते हुए समस्याओं का समाधान किया जाएगा। अभियान के अंतिम दिन लाभार्थियों को पट्टों का वितरण भी किया गया, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिली।

Harak Chand Jain, Sawai Maadhopur
नाम: हरक चंद जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: सवाई माधोपुर (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जनहित के मुद्दे और स्थानीय समाचार (सवाई माधोपुर)
परिचय
हरक चंद जैन राजस्थान के सवाई माधोपुर क्षेत्र के एक अत्यंत वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। वह मुख्य रूप से सवाई माधोपुर जिले के स्थानीय समाचारों और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर नियमित रूप से रिपोर्टिंग करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
हरक चंद जैन को मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में 45 वर्षों का लंबा और व्यापक अनुभव है। अपने इस दीर्घकालिक करियर के दौरान वह कई प्रतिष्ठित समाचार पत्रों से जुड़े रहे हैं:
- दैनिक प्रातःकाल: पिछले 6 वर्षों से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' के साथ जुड़कर कार्यरत हैं।
- अन्य समाचार पत्र: इसके पूर्व उन्होंने धर्म दिवाकर, देश की धरती, जननायक, नवज्योति, नवभारत टाइम्स और महका भारत जैसे विभिन्न समाचार पत्रों के लिए पत्रकारिता की है।
