15 जुलाई तक जारी सेवा शिविर अभियान: 10 और 13 जुलाई को सवाई माधोपुर में इन वार्डों और ग्राम पंचायतों में लगेंगे शिविर
10 और 13 जुलाई को सवाई माधोपुर जिले के विभिन्न शहरी वार्डों और ग्राम पंचायतों में सेवा शिविर लगेंगे। जानिए किन क्षेत्रों में होंगे शिविर और किसे मिलेगा लाभ।

सवाई माधोपुर जिले में राज्य सरकार के निर्देशानुसार शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 15 जुलाई तक शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी आमजन की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।
जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि शुक्रवार, 10 जुलाई को नगर परिषद सवाई माधोपुर में वार्ड 49 से 54, नगर परिषद गंगापुर सिटी में वार्ड 55 से 60, नगर पालिका वजीरपुर में वार्ड 19 एवं 20, नगर पालिका बामनवास में वार्ड 17 तथा नगर पालिका खण्डार में वार्ड 1 से 25 के नागरिकों के लिए शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 13 जुलाई को नगर परिषद सवाई माधोपुर एवं गंगापुर सिटी में वार्ड 55 से 60, नगर पालिका वजीरपुर में वार्ड 21 एवं 22, नगर पालिका बामनवास में वार्ड 18 तथा नगर पालिका खण्डार में वार्ड 1 से 25 के नागरिकों के लिए शहरी सेवा शिविर लगाए जाएंगे।
ग्रामीण सेवा शिविरों के तहत 10 जुलाई को पंचायत समिति सवाई माधोपुर की ग्राम पंचायत कुण्डेरा, पांचोलास और चितारा तथा पंचायत समिति गंगापुर सिटी की ग्राम पंचायत उमरी के भारत निर्माण सेवा केन्द्र में शिविर आयोजित होंगे।
इसी क्रम में 13 जुलाई को पंचायत समिति सवाई माधोपुर की ग्राम पंचायत ओलवाड़ा, खिजूरी और टोडरा तथा पंचायत समिति गंगापुर सिटी की ग्राम पंचायत जाट बड़ौदा के भारत निर्माण सेवा केन्द्र में ग्रामीण सेवा शिविर लगाए जाएंगे।
जिला कलक्टर काना राम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सेवा शिविरों में राज्य सरकार के निर्देशानुसार आमजन की परिवेदनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को मौके पर ही राहत मिल सके।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
