सवाई माधोपुर। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 को लेकर निर्वाचन प्रक्रिया अब महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गई है। जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने जिले के सभी रिटर्निंग अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चुनाव कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की लोक सूचना 27 अगस्त 2026 को जारी की जाएगी।

संबंधित नगरीय निकायों के निर्वाचन अधिकारी द्वारा वार्ड सदस्यों के चुनाव के लिए प्रारूप 2 में निर्वाचन का लोक नोटिस प्रकाशित किया जाएगा। राजस्थान नगरपालिका निर्वाचन नियम 1994 के नियम 11 के अनुसरण में प्रारूप 2 में लोक नोटिस जारी करने से पहले संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा सभी प्राथमिक और प्रारम्भिक कार्यवाही पूरी कर ली जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रारूप 2 में जारी होने वाले लोक नोटिस में नगरीय निकायों के नाम, वार्ड संख्या और प्रत्येक वार्ड के वर्गीकरण का सावधानीपूर्वक उल्लेख किया जाए। इसके साथ ही निर्वाचन की विभिन्न अवस्थाओं के लिए निर्धारित तारीख एवं समय की पूर्ति भी पूरी सतर्कता के साथ की जाए।

उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित चुनाव कार्यक्रम और वार्डों के आरक्षण की स्थिति को ध्यान में रखते हुए संबंधित प्रारूपों की पूर्ति की जाए। लोक नोटिस का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के साथ ही लोक नोटिस की प्रति जारी होने के तुरंत बाद जिला कार्यालय को भिजवाना भी सुनिश्चित किया जाए।

इसके अलावा लोक नोटिस की प्रति संबंधित नगरीय निकायों के सूचना पट्टों पर भी चस्पा की जाएगी। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 के तहत 27 अगस्त को लोक सूचना जारी होने के साथ ही वार्ड सदस्यों के निर्वाचन की आगामी प्रक्रिया औपचारिक रूप से आगे बढ़ेगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story