सवाई माधोपुर में आगामी 9 एवं 11 सितंबर को होने वाले नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की तैयारियों के तहत मंगलवार से गठित मतदान दलों का प्रथम प्रशिक्षण शुरू हो गया। शहीद कैप्टन रिपुदमन सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के दक्षिण परिसर में दो पारियों में आयोजित प्रशिक्षण में मतदान प्रक्रिया और ईवीएम संचालन की सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक एवं हैंड्स-ऑन अभ्यास कराया गया।

प्रशिक्षण 25 एवं 27 अगस्त को प्रातः 9 से दोपहर 1 बजे तथा दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद मोहित कासनिया ने प्रशिक्षण स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मतदान दलों को निर्वाचन प्रक्रिया एवं ईवीएम संचालन की सैद्धांतिक जानकारी के साथ पर्याप्त व्यावहारिक एवं हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण देने पर जोर दिया, ताकि मतदान दिवस पर सभी प्रक्रियाएं निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप सुचारू रूप से संपादित हो सकें।

प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी एवं अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रथम दिवस दोनों पारियों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया एवं ईवीएम संचालन की जानकारी देने के बाद प्रतिभागियों को मशीनों का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण की गुणवत्ता और प्रतिभागियों की समझ का आकलन करने के लिए प्रशिक्षण उपरांत टेस्ट भी आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के कार्यक्रम अधिकारी समग्र शिक्षा हेमराज मीणा ने बताया कि 25 अगस्त की प्रथम पारी में 127 पीठासीन अधिकारी एवं 126 प्रथम मतदान अधिकारी, जबकि द्वितीय पारी में 124 पीठासीन अधिकारी एवं 121 प्रथम मतदान अधिकारी प्रशिक्षित किए गए।

इसी प्रकार 27 अगस्त को प्रथम पारी में 62 पीठासीन अधिकारी एवं 62 प्रथम मतदान अधिकारी तथा द्वितीय पारी में 59 पीठासीन अधिकारी एवं 59 प्रथम मतदान अधिकारी को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण के दौरान सहायक प्रशिक्षण अधिकारी एवं जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक दिनेश कुमार गुप्ता, एडीपीसी हरकेश लाल मीणा तथा सवाई माधोपुर, खण्डार एवं बौंली ब्लॉक से संबंधित उपखण्ड अधिकारी उपस्थित रहे।

नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए मतदान दलों को दिया जा रहा यह प्रशिक्षण मतदान प्रक्रिया और ईवीएम संचालन की तैयारियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण चरण है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story