सवाई माधोपुर में श्री गणेश सेवा समिति, विनोबा बस्ती की ओर से आयोजित होने वाले 25वें भव्य श्री गणेश महोत्सव की तैयारियों के तहत बुधवार को रणथम्भौर स्थित त्रिनेत्र गणेश मंदिर में भगवान श्री गणेश को विधिवत निमंत्रण अर्पित किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर के बाहर महोत्सव के पोस्टर का भी विधिवत विमोचन किया गया।

समिति अध्यक्ष सुरजीत कुमार ने बताया कि शहर रोड स्थित वार्ड संख्या-23 की विनोबा बस्ती के ईमली चौक में पिछले 24 वर्षों से प्रतिवर्ष मिट्टी से निर्मित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित कर श्रद्धा और उत्साह के साथ गणेश महोत्सव का आयोजन किया जाता रहा है। इस वर्ष समिति महोत्सव के रजत जयंती वर्ष के रूप में आयोजित होने वाले 25वें आयोजन को विशेष और भव्य स्वरूप देने की तैयारियों में जुटी हुई है तथा आयोजन की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इसी क्रम में समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता रणथम्भौर स्थित त्रिनेत्र गणेश मंदिर पहुंचे, जहां भगवान श्री गणेश के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना कर महोत्सव में पधारने का निमंत्रण अर्पित किया गया। इसके उपरांत मंदिर के महंत ने महोत्सव के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया।

इस अवसर पर राजीव सिंह, श्रवण सिंह गवारिया, विवेक, अश्वनी, चन्द्रप्रकाश, दिनेश, अरविंद, आशीष कर्मावत, गौरव कर्मावत सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महोत्सव के रजत जयंती वर्ष को लेकर समिति की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आयोजन को भव्य रूप देने के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story